देश की खबरें | कर्नाटक में हार के बावजूद तटीय जिलों में भाजपा का दबदबा बरकरार

मंगलुरु(कर्नाटक), 13 मई कर्नाटक विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों में 13 में से 11 सीट पर जीत हासिल कर तटीय क्षेत्र में अपना दबदबा बरकरार रखा है।

कांग्रेस ने 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए शनिवार को हुई मतगणना में 128 सीट का आंकड़ा पार कर लिया है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, पार्टी 136 सीट जीतने की दिशा में बढ़ रही है।

कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री यू टी खादर ने मंगलुरु निर्वाचन क्षेत्र से पांचवीं बार जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को कांग्रेस के हाथों पुत्तूर सीट गंवानी पड़ी। पुत्तूर सीट पर भाजपा तीसरे स्थान पर रही। भाजपा के बागी उम्मीदवार अरुण कुमार पुथिला यहां से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में थे। भाजपा उम्मीदवार को इस सीट पर 37,558 मत मिले।

मंगलुरु दक्षिण में भाजपा के मौजूदा विधायक वेदव्यास कामत ने कांग्रेस उम्मीदवार जे आर लोबो पर आसान जीत हासिल की, जबकि उडुपी में भाजपा के यशपाल सुवर्णा ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रसादराज कंचन को 30,000 से अधिक मतों से हराया।

मंगलुरु उत्तर में भाजपा के भरत वाई शेट्टी ने कांग्रेस के इनायत अली को हराया, जबकि कांग्रेस के बागी और जनता दल (सेक्युलर) के उम्मीदवार मोहिउद्दीन बावा केवल 5,000 वोट ही हासिल कर सकें। दक्षिण सीट पर, भाजपा के वेदव्यास कामथ ने कांग्रेस उम्मीदवार जे आर लोबो को 25,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया।

भाजपा ने मूडबिदरी में भी जीत दर्ज की, जहां निवर्तमान विधायक उमानाथ कोटियन ने कांग्रेस के मिथुन राय पर 20,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की। सुलिया में भाजपा उम्मीदवार भागीरथी मुरुलिया ने कांग्रेस के जी कृष्णप्पा को लगभग 30,000 मतों के अंतर से हराया।

दक्षिण कन्नड़ जिले में भाजपा के हरीश पूंजा (बेलथांगडी) और राजेश नाइक (बंतवाल) ने भी कांग्रेस के क्रमश: रक्षित शिवराम और रामनाथ राय को अपनी सीट बरकरार रखी।

उडुपी सीट पर भाजपा के सुवर्णा ने शानदार जीत दर्ज की, वहीं पार्टी ने करकाला सीट भी बरकरार रखी। राज्य के मंत्री वी सुनील कुमार ने कांग्रेस उम्मीदवार उदय शेट्टी मुनियाल पर लगभग 5,000 मतों के अंतर से जीत हासिल की, जबकि श्री राम सेना के नेता प्रमोद मुतालिक ने केवल 4,500 वोट हासिल किए।

कुंडापुर में भाजपा के किरण कुमार कोडगी ने कांग्रेस उम्मीदवार दिनेश हेगड़े को हराया, जबकि ब्यंदूर में कांग्रेस उम्मीदवार गोपाल पुजारी ने भाजपा के गुरुराज गंटीहोल को कड़ी टक्कर दी।

भाजपा ने जिले की कौप सीट भी बरकरार रखी। उसके उम्मीदवार गुरमे सुरेश शेट्टी ने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार विनय कुमार सोराके को हराया।

राज्य में कांग्रेस की जीत पर यू टी खादर ने संवाददाताओं से कहा कि लोगों ने एक संवेदनशील पार्टी को वोट दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के बोझ तले दबे लोग भाजपा के एजेंडे को समझते हैं इसलिए उन्होंने कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश दिया है।

तटीय क्षेत्र में कांग्रेस को लगे झटके के बारे में उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी में चर्चा की जाएगी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर दोनों जिलों में अपनी भारी जीत का जश्न मनाया।

मूडबिदरी सीट बरकरार रखने वाले उमानाथ कोटियन ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने उनके विकास कार्यों के लिए स्पष्ट जनादेश दिया है।

मंगलुरु दक्षिण के विधायक वाई भरत शेट्टी ने कहा कि यह लोगों की जीत है। उन्होंने कहा कि यह देखना बाकी है कि कांग्रेस लोगों को दिए अपने आश्वासनों को पूरा करती है या नहीं।

मंगलुरु उत्तर के विधायक वेदव्यास कामथ ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं ने उन्हें फिर से जीत का आशीर्वाद दिया है, जबकि बेलथांगडी के विधायक हरीश पूंजा ने भी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)