पटना, सात अगस्त बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि देश में बेरोजगारी और महंगाई हद से ज्यादा बढ़ गई है, लेकिन भाजपा नीत केंद्र सरकार ने जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ लिया है।
पटना के सगुणा मोड़ के पास केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विपक्षी दलों के प्रतिरोध मार्च की शुरुआत करते हुए बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन के दौरान यह आरोप लगाया।
तेजस्वी ने कहा, ‘‘बेरोजगारी, गरीबी, महंगाई देश में बड़ी समस्या है। अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। किसानों की स्थिति दिन प्रतिदिन खराब होती जा रही है। लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने लोगों की समस्याओं से मुंह मोड़ लिया है।’’
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई हद से ज्यादा बढ़ गई है और ‘‘बहरी और गूंगी’’ सरकार को जगाने के लिए आवाज उठाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
सगुणा मोड़ से शुरू हुआ यह मार्च डाक बंगला चौराहे पर समाप्त होगा। विपक्ष द्वारा राज्य के अन्य जिलों में भी इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
इस प्रतिरोध मार्च को अन्य विपक्षी दलों भाकपा, माकपा, भाकपा (माले) और कांग्रेस भी समर्थन प्राप्त है।
अनवर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY