कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 12 जून किसानों ने सूरजमुखी के बीज को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने की मांग को लेकर सोमवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिपली में महापंचायत की जिसके बाद उन्होंने एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग को बाधित कर दिया।
दिल्ली को चंडीगढ़, अमृतसर और जम्मू से जोड़ने वाले राजमार्ग पर देर रात तक जाम रहने के कारण पुलिस को यातायात के मार्ग में परिवर्तन करना पड़ा।
भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) द्वारा बुलाई गई ‘‘एमएसपी दिलाओ, किसान बचाओ महापंचायत’’ राष्ट्रीय राजमार्ग 44 के पास पिपली में एक अनाज मंडी में आयोजित की गई थी।
महापंचायत के बाद किसान राजमार्ग पर जमा हुए और उसे अवरुद्ध कर दिया। पुलिस ने दिल्ली की ओर से आ रहे वाहनों को कुरुक्षेत्र बाईपास की ओर मोड़ दिया।
सूरजमुखी के बीज के लिए एमएसपी के अलावा, प्रदर्शनकारी किसान उन नौ किसान यूनियन नेताओं की रिहाई की मांग कर रहे हैं, जिन्हें हाल में यहां शाहाबाद में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती तब तक राजमार्ग अवरुद्ध रहेगा।
महापंचायत में विभिन्न खाप के नेता और भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के नेता राकेश टिकैत के अलावा, भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे ओलंपिक पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया भी मौजूद थे।
इस महापंचायत में हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के किसान भी शामिल हुए।
महापंचायत में किसान नेता करम सिंह मथाना ने कहा कि स्थानीय प्रशासन ने उनकी मांगों पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ एक बैठक का आश्वासन दिया था। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि अब वे कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री करनाल से निकल गए हैं।’’
मथाना ने कहा, ‘‘इस वजह से महापंचायत का आयोजन करने वाली स्थानीय समिति ने हमारी मांगें पूरी होने तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 को बंद करने का फैसला किया।’’
यह राजमार्ग दिल्ली-कुरुक्षेत्र-अमृतसर मार्ग को जोड़ता है।
कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक एस. एस. भोरिया ने सोमवार शाम कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने की वजह से यातायात के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। उन्होंने कहा कि वह प्रदर्शनकारियों से उनके मुद्दों का सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने के लिए बातचीत कर रहे हैं।
कुरुक्षेत्र के उपायुक्त शांतनु शर्मा ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि एमएसपी पर सूरजमुखी के बीज की खरीद के मुद्दे को हल करने के लिए जिला प्रशासन, बीकेयू नेताओं के साथ रविवार से बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आज भी हमने उनसे कुछ समय देने के लिए कहा ताकि हम मुख्यमंत्री के साथ बैठक की व्यवस्था कर सकें। हालांकि, भाकियू नेताओं ने राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया।’’ उन्होंने कहा कि किसानों को नाकाबंदी हटाने के लिए कहा जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY