नयी दिल्ली, 23 जनवरी दिल्ली पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी करने और करीब 1.4 लाख रुपये के अवैध लेनदेन के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) सचिन शर्मा ने बताया, "पिछले साल 23 नवंबर को मुंडका के एक निवासी ने मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। फोन चोरी के तुरंत बाद उनके खाते से 1.4 लाख रुपये के अनधिकृत यूपीआई लेनदेन किए गये।"
इस मामले में साइबर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
शर्मा ने बताया कि 20 जनवरी को टीम ने अनधिकृत लेनदेन से जुड़े बैंक खातों का पता लगाया और दो संदिग्धों मनीष (21) और निशांत (20) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी एक अन्य व्यक्ति के निर्देश पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपी मोबाइल फोन की चोरी करते थे और उसके बाद उन्हें उस व्यक्ति को सौंपते थे, जो यूपीआई लेनदेन करता था।
अधिकारी ने बताया कि मुख्य साजिशकर्ता को पकड़ने के लिए प्रयास जारी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY