देश की खबरें | दिल्लीः ओलावृष्टि, बारिश से पारा गिरा, मौसम विभाग ने कहा-रविवार तक लू के आसार नहीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को ओलावृष्टि और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।
नयी दिल्ली, चार मई दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को ओलावृष्टि और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक ओलावृष्टि, बारिश का असर एक दिन और बना रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार से तापमान में वृद्धि शुरू होगी और रविवार से लू की स्थिति लौटेगी।
दिल्ली में शाम चार बजे तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था जो तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के कारण शाम छह बजे घटकर 31 डिग्री सेल्सियस हो गया।
रोहिणी, पीतमपुरा, नजफगढ़, अशोक विहार और पश्चिम विहार में बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की सूचना मिली है। इन इलाकों में करीब 50 किलोमीटर की गति से तेज हवाएं चलीं।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सो, उत्तरी राजस्थान व पश्चिम व मध्य उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि और हल्की बारिश हुई साथ ही धूल भरी हवाएं चलीं।
निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने कहा, ''दिल्ली में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और बारिश हुई, जबकि अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे, जिससे तापमान कुछ डिग्री नीचे चला गया।''
उन्होंने कहा कि अप्रैल और मई में इस तरह का मौसम असामान्य नहीं है।
पलावत ने कहा, ''यह प्रभाव एक और दिन तक बना रहेगा और शुक्रवार से अधिकतम तापमान में वृद्धि शुरू हो जाएगी। हालांकि, अगले चार से पांच दिनों तक लू चलने का अनुमान नहीं है।''
दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आयानगर मौसम केंद्र में 2.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अगले दो दिन तक राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अगले छह दिनों में पारा चार से पांच डिग्री चढ़ने की संभावना है। हालांकि, आठ मई तक लू का कोई अनुमान नहीं है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2022 10:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

