देश की खबरें | मृत दमकलकर्मी के परिजनों को दिल्ली के मुख्यमंत्री ने दी एक करोड़ रुपये की मदद
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 19 अगस्त दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ड्यूटी पर मारे गए दमकलकर्मी अमित बालियान के परिजनों से बुधवार को मुलाकात की। उत्तर पश्चिम दिल्ली के पीरागढ़ी में इस साल आग लगने की एक घटना के दौरान बालियान की मौत हो गई थी।

मुख्यमंत्री ने बालियान के परिजनों को एक करोड़ रुपये की मुआवजा राशि भी दी।

यह भी पढ़े | अमृतसर: प्रकाश पर्व के मौके पर स्वर्ण मंदिर के चारों तरफ आतिशबाज़ी की गई: 19 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

दिल्ली वालों की तरफ से दिवंगत दमकलकर्मी को सलाम करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बालियान के परिवार की मदद के लिये आम आदमी पार्टी (आप) सरकार हर संभव मदद करेगी।

इस साल जनवरी में बैट्री के एक कारखाने में लगी आग से लोगों की जान बचाने की कोशिश के दौरान दिल्ली अग्निशमन सेवा के 28 वर्षीय दमकलकर्मी की मौत हो गई थी।

यह भी पढ़े | Facebook row: फेसबुक मामले में बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और शशि थरूर को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया.

केजरीवाल पूर्व में बालियान के परिवार के एक सदस्य को दिल्ली सरकार द्वारा रोजगार मुहैया कराने की बात भी कह चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने परिजनों से मिलने के बाद ट्वीट किया, “दिल्ली फ़ायर सर्विस में काम करने वाले अमित कुमार ने बड़ी बहादुरी से लोगों की जान बचाते हुए अपनी जान गंवा दी थी। दिल्ली उनके बलिदान को सलाम करती है। आज उनके परिवार से मिलकर एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी। मैं आशा करता हूं कि इस राशि से परिवार को थोड़ी मदद ज़रूर मिलेगी।”

मीत नगर के रहने वाले बालियान कीर्ति नगर दमकल केंद्र पर तैनात थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)