जरुरी जानकारी | विस्तार कार्य पूरा होने के बाद दिल्ली हवाई अड्डे की क्षमता 10 करोड़ यात्रियों की होगी: डायल

नयी दिल्ली, एक मई दिल्ली हवाईअड्डे का परिचालन करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. (डायल) ने सोमवार को कहा कि इस साल विस्तार कार्य पूरा हो जाने के बाद इस हवाई अड्डे के टर्मिनलों की क्षमता बढ़कर सालाना 10 करोड़ यात्रियों की हो जाएगी।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का परिचालन करने वाली डायल ने एक बयान में कहा कि 3ए चरण का विस्तार कार्य पूरा हो जाने के बाद यह देश का इकलौता हवाई अड्डा हो जाएगा जिसकी वार्षिक क्षमता 10 करोड़ यात्रियों को संभालने की होगी।

इस समय हवाई अड्डे पर तीसरे चरण का विस्तार कार्य चल रहा है और इसके 2023 में ही पूरा होने की उम्मीद है।

वित्त वर्ष 2022-23 में तीन टर्मिनल वाले दिल्ली हवाई अड्डे से करीब 6.53 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की थी। इनमें 1.56 करोड़ यात्री अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के भी थे।

इस हवाई अड्डे से 140 से अधिक घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित होती हैं। यहां से फिलहाल 63 एयरलाइंस अपनी उड़ानें संचालित करती हैं।

बयान के मुताबिक, दिल्ली हवाई अड्डे की क्षमता में विस्तार दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय विमानन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की सरकार की योजनाओं के अनुरूप है। इसके लिए सरकार ने वैश्विक स्तर पर अपनाए जाने वाले तौर-तरीकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)