देश की खबरें | दीपिका पादुकोण, मैरी कॉम, सद्गुरु प्रधानमंत्री मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में शामिल होंगे

नयी दिल्ली, छह फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वार्षिक कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का आठवां संस्करण एक अलग प्रारूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, छह बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरी कॉम और आध्यात्मिक नेता सद्गुरु जैसी प्रसिद्ध हस्तियां शामिल होंगी।

अधिकारियों के अनुसार, पारंपरिक टाउन हॉल प्रारूप से हटकर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस वर्ष 35 विद्यार्थियों को सुंदर नर्सरी ले गए और उनसे परीक्षा तथा तनाव दूर करने के तौर-तरीकों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की।

सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि 10 फरवरी को प्रसारित किए जाने वाले इस कार्यक्रम में कुल आठ कड़ियां होंगी, जिनमें विशेषज्ञ छात्रों से बात करेंगे और उन्हें “एग्जाम वरियर” (परिक्षा को लेकर तनाव में घिरे रहने वाले) से “एग्जाम वॉरियर” (तनावमुक्त होकर परीक्षा देने वाले) बनने के उपाय सुझाएंगे।

प्रधानमंत्री के साथ पहली बातचीत दूरदर्शन, स्वयं, स्वयंप्रभा, पीएमओ यूट्यूब चैनल तथा शिक्षा और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालयों के सोशल मीडिया चैनलों पर सुबह 11 बजे प्रसारित की जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘परीक्षा पे चर्चा का अगला संस्करण हाजिर है, वो भी नये और जीवंत प्रारूप में! सभी ‘एग्जाम वॉरियर’, उनके माता-पिता और शिक्षकों से ‘परीक्षा पे चर्चा, 2025’ देखने का आग्रह करता हूं, जिसमें तनाव-मुक्त परीक्षा के विभिन्न पहलुओं पर केंद्रित आठ बेहद दिलचस्प कड़ियां शामिल हैं!’’

विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 विद्यार्थियों का चयन राज्य बोर्ड के सरकारी स्कूलों, केंद्रीय विद्यालयों, सैनिक स्कूलों, एकलव्य मॉडल के आवासीय विद्यालयों, सीबीएसई और नवोदय विद्यालयों से किया गया।

कार्यक्रम में पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता अवनि लेखरा, सेलिब्रिटी पोषण विशेषज्ञ रुजुता दिवेकर, सोनाली सभरवाल, अभिनेता विक्रांत मैसी, अभिनेत्री भूमि पेडनेकर, राधिका गुप्ता और ‘यूट्यूबर’ टेक्निकल गुरु जी भी शामिल होंगे।

इस पहल के तहत शामिल की गई अन्य प्रसिद्ध हस्तियों - पैरालिंपिक स्वर्ण पदक विजेता अवनी लेखरा, बैडमिंटन खिलाड़ी सुहास यतिराज, पोषण विशेषज्ञ रुजुता दिवाकर और सोनाली सब्बरवाल, अभिनेता विक्रांत मैसी और अभिनेत्री भूमि पेडनेकर, यूट्यूबर गौरव चौधरी (टेक्निकल गुरुजी) और राधिका गुप्ता के साथ 100 से अधिक छात्रों का समूह चर्चा करेगा।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘विभिन्न क्षेत्रों की प्रसिद्ध हस्तियां अपने अनुभव और ज्ञान साझा करेंगी, छात्रों को जीवन और सीखने के प्रमुख पहलुओं पर मार्गदर्शन करते हुए वे ‘परीक्षा पे चर्चा’ के आगामी सात एपिसोड में शामिल होंगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन सत्रों में भाग लेने वाले छात्रों को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, विभिन्न शैक्षिक संगठनों और राष्ट्रीय स्तर की स्कूल प्रतियोगिताओं से चयन की प्रक्रिया के माध्यम से चुना गया है।’’

जहां खेल सितारे मैरी कॉम, लेखरा और यतिराज अनुशासन के माध्यम से लक्ष्य निर्धारण और तनाव प्रबंधन के बारे में बात करेंगे, वहीं दीपिका पादुकोण भावनात्मक कल्याण और आत्म-अभिव्यक्ति के महत्व पर चर्चा करेंगी।

पोषण विशेषज्ञ रुजुता और सब्बरवाल अकादमिक सफलता में स्वस्थ खाने की आदतों और अच्छी नींद की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे। इसी तरह, ‘फूड फार्मर’ के नाम से मशहूर ‘हेल्थ इन्फ्लुएंसर’ रेवंत हिमतसिंगका स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में जानकारी देंगे। गौरव चौधरी (टेक्निकल गुरुजी) और राधिका गुप्ता ‘स्मार्ट लर्निंग’ और वित्तीय साक्षरता के लिए एक उपकरण के रूप में प्रौद्योगिकी पर प्रकाश डालेंगे।

मैसी और पेडनेकर छात्रों को नकारात्मक विचारों को दूर करने के लिए प्रेरित करेंगे। सद्गुरु छात्रों को मानसिक स्तर पर स्पष्टता और ध्यान केंद्रित रखने में मदद करने के लिए प्रेरित करेंगे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), आईआईटी-जेईई, सीएलएटी, सीबीएसई, एनडीए और आईसीएसई से जुड़ी विभिन्न परीक्षाओं के टॉपर और कार्यक्रम के पिछले संस्करणों के प्रतिभागी बताएंगे कि कैसे ‘परीक्षा पे चर्चा’ ने उनकी तैयारी की रणनीतियों पर सकारात्मक प्रभाव डाला और उन्हें प्रेरित किया।’’

‘परीक्षा पे चर्चा’ एक वार्षिक कार्यक्रम है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी बोर्ड परीक्षाओं में बैठने वाले छात्रों के साथ बातचीत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान, वह छात्रों के परीक्षा के तनाव और अन्य मुद्दों से संबंधित सवालों के जवाब भी देते हैं।

छात्रों के साथ प्रधानमंत्री के इस संवाद कार्यक्रम का पहला संस्करण फरवरी 2018 में तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित किया गया था।

‘परीक्षा पे चर्चा’ का सातवां संस्करण प्रगति मैदान के भारत मंडपम में टाउन हॉल प्रारूप में आयोजित किया गया था, जिसमें देश-विदेश के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)