देश की खबरें | क्रिसमस से दार्जीलिंग ट्वाय ट्रेन सेवा दोबारा बहाल होगी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोलकाता, 24 दिसंबर पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र बने दार्जीलिंग हिमालयी रेल की ट्वाय ट्रेन सेवा क्रिसमस के मौके पर दोबारा शुरू होगी । पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी ।

एनएफआर के प्रवक्ता ने मालीगांव से बताया कि शुक्रवार से इस सेवा की शुरूआत की जायेगी और इसके तहत दार्जीलिंग एवं घुम स्टेशनों के बीच रोज तीन ट्रेने चलायी जायेंगी ।

प्रवक्ता ने बताया, ‘‘पश्चिम बंगाल सरकार ने अभी दार्जीलिंग एवं घुम के बीच इन ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू करने की अनुमति दी है।’’

उन्होंने कहा कि बाद में यात्रियों की मांग के आधार पर सेवाओं की संख्या में वृद्धि की जा सकती है ।

एनएफआर के अधिकारी ने बताया कि दार्जीलिंग हिमालयी रेल की 88 किलोमीटर की पूर्ण सेवा बहाल करने के बारे में राज्य सरकार से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद विचार किया जायेगा ।

कोरोना वायरस महामारी के कारण देश भर में मार्च में लॉकडाउन की घोषणा के बाद ट्वाय ट्रेन सेवा रोक दी गयी थी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)