धर्मशाला, 17 सितंबर तिब्बत के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर रविवार को उन्हें बधाई दी और उनके दीर्घायु होने तथा लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में सफलता पाने की कामना की। प्रधानमंत्री 73 वर्ष के हो गए।
दलाई लामा ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर भरत की अध्यक्षता में जी20 के सफल आयोजन के लिए उन्हें बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं इस अवसर पर ‘वसुधैव कुटुंबकम-एक पृथ्वी,एक कुटुंब,एक भविष्य’ विषय के तहत भारत में आयोजित जी20 की सफलता के लिए आपको बधाई देता हूं।’’
दलाई लामा ने कहा, ‘‘ यह विषय मेरे विचारों से काफी मेल खाता है। मैं मानवता के एक होने पर विश्वास करता हूं...।’’
उन्होंने तिब्बतियों को छह दशक से अधिक समय तक शरण देने के लिए भारत का आभार व्यक्त किया साथ ही भारत के अहिंसा और करुणा के सिद्धांतों के लिए इसकी सराहना की।
तिब्बत के आध्यात्मिक गुरु ने कहा, ‘‘भारत की अहिंसा और करुणा की संस्कृति 1,000 साल से अधिक पुरानी है। धरती पर सबसे बड़े लोकतंत्र और सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में भारत दुनिया के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करता है। इसका अंतर-धार्मिक सद्भाव का लंबा इतिहास है।’’
उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य की प्रार्थना की साथ ही लोगों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने में उनके सफल रहने की कामना की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY