देश की खबरें | कोविड: दिल्ली की जेलों का कैदियों को एक जगह इकट्ठा न होने, नियमित रूप से हाथ धोने का निर्देश

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल दिल्ली कारागार विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी में कोविड के बढ़ते मामलों के मद्देनजर जेलों में कैदियों को निर्देश दिया है कि वे एक स्थान पर इकट्ठा न हों और नियमित रूप से हाथ धोएं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि फिलहाल तिहाड़ जेल में कोविड के पांच उपचाराधीन मरीज हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति में बुखार या जुकाम जैसे कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाने पर उसकी तुरंत एंटीजन जांच कराई जाती है।

उन्होंने कहा, “हमने कैदियों को सामान्य निर्देश जारी किए हैं। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे एक जगह इकट्ठा न हों और नियमित रूप से अपने हाथ धोएं। जिन कैदियों में बुखार और जुकाम के लक्षण दिखाई देते हैं, उनकी जेल के अंदर जांच कराई जाती है। यदि वे कोविड से पीड़ित पाए जाते हैं तो उन्हें जेल संख्या-3 में केंद्रीय अस्पताल ले जाया जाता है, जहां हम उन्हें 10 से 12 दिन के लिए भर्ती करते हैं।"

अधिकार ने कहा, “हम संक्रमित कैदियों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाते हैं। सुरक्षा कर्मचारी और कोठरी में उनके साथ रहने वाले कैदी, जो उनके संपर्क में आ सकते हैं, उनकी भी जांच की जाती है।’’

अधिकारी ने कहा कि तिहाड़ जेल में करीब 10 दिन पहले कोरोना वायरस संक्रमण के पांच मामले सामने आए थे। पीड़ित व्यक्तियों को केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें 50 बिस्तर हैं। एक अन्य अधिकारी ने कहा, “वे ठीक हैं और उन्हें जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी। कैदियों को डीडीयू या एलएनजेपी अस्पतालों में भी स्थानांतरित किया जा सकता है।”

अधिकारी ने कहा कि अगर किसी कर्मचारी को बुखार या जुकाम होता है, लेकिन कोरोना से संक्रमित नहीं पाया जाता, तो उसे मास्क का उपयोग करने और सावधानी बरतने के लिए कहा जाता है।

राष्ट्रीय राजधानी ने मंगलवार को कोविड-19 के 1,537 मामले सामने आए और संक्रमण दर 26.54 प्रतिशत रही। इसके साथ ही दिल्ली में कोविड-19 से संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 20,25,781 हो गई है। मौत के पांच नए मामले सामने आने के बाद मृतकों की कुल संख्या 26,572 तक पहुंच गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)