देश की खबरें | कोविड-19 के इलाजरत मरीज अब कुल संख्या के करीब एक तिहाई :केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय

नयी दिल्ली,16 जुलाई केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि भारत में कोविड-19 के 3,31,146 इलाजरत मरीज हैं, जो देश में बृहस्पतिवार तक के कुल मामलों का करीब एक तिहाई है। साथ ही, मंत्रालय ने इलाजरत मरीजों में क्रमिक रूप से कमी आने का श्रेय लक्षित उपायों को दिया है।

मंत्रालय ने कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक नये मामले बृहस्पतिवार को सामने आये और यह संख्या 32,695 है।

यह भी पढ़े | Monsoon 2020 Update: मुंबई में बारिश बनी मुसीबत, फोर्ट में पांच मंजिला इमारत हुई धराशायी तो मलाड में गिरा रूम का हिस्सा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी.

मंत्रालय ने कहा कि मध्य जून में इस रोग से उबरने की दर बढ़ कर 50 प्रतिशत हो गई थी, इसके बाद इसमें क्रमिक रूप से वृद्धि हुई और इलाजरत मामलों की संख्या में कमी आई।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘‘कोविड-19 के कुल मामलों में, 63.25 प्रतिशत मरीज अब तक संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। इलाजरत मामलों में क्रमिक रूप से कमी आई है, मध्य जून में यह आंकड़ा करीब 45 प्रतिशत था, जो अब घट कर करीब 34.18 रह गया है। ’’

यह भी पढ़े | मुंबई: शहर में भारी बारिश के बाद सायन एरिया में हुआ गंभीर जलभराव : 16 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

कुल 20,783 मरीज पिछले 24 घंटे में इस रोग से उबरे हैं, जो किसी एक दिन की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही, इस से उबर (संक्रमण मुक्त हो) चुके लोगों की कुल संख्या बढ़ कर 6,12,814 हो गई है।

सुबह आठ बजे अद्यतन किये गये स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक इस रोग से उबरने वाले लोगों की संख्या इलाजरत मामलों से 2,81,668 अधिक हो गई है।

मंत्रालय ने कहा कि घर-घर जा कर सर्वेक्षण करना, संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आये लोगों का समय पर पता लगाना, बड़े पैमाने पर जांच करना, समय पर रोग का पता लगाना और कारगर क्लीनिकल प्रबंधन जैसे उपायों से कोविड-19 से उबरने की संभावना बढ़ी है।

देश में 1,381 विशेष कोविड अस्पताल, 3,100 विशेष कोविड स्वास्थ्य देखभाल केंद्र और कुल 46,666 आईसीयू बिस्तरों के साथ 10,367 कोविड देखभाल केंद्र, अस्पतालों के बुनियादी ढांचे में शामिल हैं।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘केंद्र सरकार और राज्यों के बीच सहयोगपूर्ण रणनीति ने भी कोविड-19 के मामले देश के कुछ ही हिस्से तक सीमित रखने को सुनिश्चित किया है। ’’

बयान में कहा गया है कि सिर्फ दो राज्यों, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में देश में कुल इलाजरत मामलों का 48.15 प्रतिशत है। वहीं, 10 राज्यों में कुल मामलों का 84.62 प्रतिशत है।

बयान में कहा गया है कि केंद्र इन राज्यों को संक्रमण का प्रसार रोकने और कारगर क्लीनिकल प्रबंधन में सहयोग जारी रखे हुए है।

मंत्रालय ने कहा कि केंद्र, राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के संयुक्त प्रयासों से जांच क्षमता बढ़ाने, स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा विस्तारित करने, मामलों की निगरानी को वरीयता देने और वृद्ध आबादी एवं पहले से बीमारियों से ग्रसित लोगों का सर्वेक्षण किये जाने से देश भर में कोविड-19 से उबरने की दर लगातार बेहतर होती जा रही है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के डेटा के मुताबिक भारत में कोविड-19 मामलों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़ कर 9,68,876 हो गई, जबकि 606 और मरीजों की मौत हो जाने के साथ इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 24,915 पहुंच गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)