उस्मानाबाद (महाराष्ट्र), 24 जून राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रमुख जयंत पाटिल ने बृहस्पतिवार को यहां दावा कि महाराष्ट्र में भविष्य में होने वाले चुनाव अकेले लड़ने का कांग्रेस का रुख संक्षिप्त अवधि का साबित होगा और सत्तारूढ़ गठबंधन अक्षुण्ण बना रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने हाल ही में यह घोषणा कर शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस के सत्तारूढ़ गठबंधन में हलचल पैदा कर दी थी कि उनकी पार्टी भविष्य में चुनाव अपने बूते ही लड़ेगी।
पटोले के बयान के बारे में पूछे जाने पर पाटिल ने कहा, ‘‘यह रुख ज्यादा समय तक नहीं टिकेगा। कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना समझदार पार्टियां हैं। वे एकजुट रहेंगी। लेकिन कांग्रेस ने यदि जोर दिया (अपने अकेले चुनाव लड़ने पर) तो राकांपा और शिवसेना संयुक्त रूप से चुनाव लड़ेगी।’’
पाटिल ने तुलजापुर स्थित तुलजाभवानी मंदिर की यात्रा के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए यह कहा। उन्होंने तुलजापुर और ओमेरगा विधानसभा क्षेत्रों के राकांपा नेताओं से भी मुलाकात की।
उन्होंने यहां जिलाधिकारी कार्यालय में एक समीक्षा बैठक भी की। उल्लेखनीय है कि उनके पास जल संसाधन मंत्रालय भी है।
उन्होंने कहा कि उस्मानाबाद और बीड जिलों को कृष्णा-मराठवाड़ा सिंचाई परियोजना से जून 2023 तक जल मिलना शुरू होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY