देश की खबरें | गुजरात, हिमाचल प्रदेश, असम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया

अहमदाबाद/शिमला/गुवाहाटी, पांच अगस्त महंगाई, आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) की दरों में वृद्धि और बेरोजगारी को लेकर केंद्र के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन के मद्देनजर शुक्रवार को पार्टी की गुजरात, हिमाचल प्रदेश और असम इकाई ने भी विरोध-प्रदर्शन किया।

गुजरात पुलिस ने कहा कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं होने के चलते राज्य में कांग्रेस के करीब 100 कार्यकर्ताओं को कुछ देर के लिए गिरफ्तार किया गया।

वडोदरा में स्थानीय नेताओं की अगुवाई में प्रदर्शन के लिए उतरे 20 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस ने एक विज्ञप्ति में कहा कि राज्य के अहमदाबाद, सूरत, भुज, द्वारका, हिम्मतनगर, गांधीनगर और मेहसाणा जैसे शहरों में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।

वहीं, हिमाचल प्रदेश में राजधानी शिमला समेत कई अन्य जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदशर्न किया।

प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए केंद्र के खिलाफ नारेबाजी की।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के हिमाचल प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। इस दौरान, प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती महंगाई को लेकर भाजपा नीत केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी।

उधर, असम में कांग्रेस ने शुक्रवार को मंहगाई और बेरोजगारी सहित विभिन्न मुद्दों के विरोध में राज्यभर में प्रदर्शन किया और गुवाहाटी में राजभवन का घेराव करने का प्रयास किया।

असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के अध्यक्ष भूपेन बोरा, कई विधायकों और नेताओं ने गुवाहाटी में आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया। राजभवन के करीब से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के आधिकारिक आवास की ओर मार्च किया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया लेकिन वे बैरिकेड तोड़कर राजभवन की ओर बढ़ने में सफल रहे। पुलिस ने बोरा समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को कुछ देर के लिए हिरासत में ले लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)