कोच्चि, 24 अप्रैल केरल के कोच्चि में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवम 2023 कार्यक्रम के आयोजन स्थल के समीप विरोध कर रहे युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी कार्यक्रम में कुछ ही घंटे बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाग लेने से पहले हुई है।
एर्णाकुलम दक्षिण पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर वहां से हटाया गया एवं चिकित्सा जांच के लिए ले जाया गया।
उन्होंने कहा ‘‘ वह आयोजन स्थल के बाहर प्रदर्शन कर रहा था।’’
उन्होंने कहा कि इस घटना के संबंध में और ब्योरा फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
इससे पहले दिन में प्रदेश कांग्रेस सचिव समेत पार्टी के सात कार्यकर्ताओं को मोदी की यात्रा से पूर्व एहतियातन हिरासत में लिया गया था।
पुलिस ने कहा कि इन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इसलिए एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया गया क्योंकि प्रतिद्वंद्वी दलों के नेताओं के यहां आने पर उन्हें काले झंडे दिखाने का इनका इतिहास रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY