देश की खबरें | बाजवा की पुलिस सुरक्षा वापस लिये जाने के सरकार के कदम की कांग्रेस सांसद दुलो ने आलोचना की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लुधियाना, 10 अगस्त पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा की पुलिस सुरक्षा राज्य सरकार द्वारा वापस लिये जाने के कदम की पार्टी के एक अन्य सांसद शमशेर सिंह दुलो ने सोमवार को आलोचना की और कहा कि इस राज्य में 'चाटुकारिता' के आधार पर सुरक्षा दी जाती है ।

पंजाब सरकार ने बाजवा को मिल रही पुलिस की सुरक्षा वापस लिये जाने का फैसला आठ अगस्त को यह कहते हुये किया था कि वास्तव में उन्हें अब कोई खतरा नहीं है ।

यह भी पढ़े | Rajasthan Political Crisis: सचिन पायलट गुट के विधायक भंवर लाल शर्मा ने CM अशोक गहलोत से की मुलाकात, कहा- अब नाराजगी दूर हुई.

पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके दुलो ने कहा, 'पंजाब में सुरक्षा दिये जाने का कोई मापदंड नहीं है । पंजाब में सुरक्षा खतरे के आधार पर प्रदान नहीं की जाती है, यह चाटुकारिता के आधार पर दी जाती है ।

उन्होंने कहा कि अगर उन्हें और बाजवा को कुछ होता है तो मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता जिम्मेदार होंगे ।

यह भी पढ़े | राहुल श्रीवास्तव बने मोल्दोवा के राजदूत: 10 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया, 'हम लोग रेत माफिया, शराब माफिया, भूमि माफिया के खिलाफ व्हिस्ल्ब्लोअर हैं और उनमें से कुछ को राजनीतिक संरक्षण है । ’’

पंजाब कांग्रेस "पार्टी और सरकार विरोधी गतिविधियों" के लिए बाजवा और दुलो को पार्टी से निष्कासित करने की मांग कर चुकी है ।

बाजवा एवं दुलो ने अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ निशाना साधते हुये शराब हादसे में प्रदेश के राज्यपाल वी पी सिंह बदनोरे को ज्ञापन देकर मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी । इस हादसे में 121 लोगों की मौत हो गयी थी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)