(अदिति खन्ना)
लंदन, 15 जून मध्य इंग्लैंड के नॉटिंघम में चाकू से किए गए सिलसिलेवार हमलों में एक भारतीय मूल की मेडिकल छात्रा समेत तीन लोगों की मौत पर शहर में बृहस्पतिवार को गम का माहौल रहा। वहीं लोग पीड़ितों के साथ एकजुटता प्रकट करने के लिए एक और शोकसभा की तैयारी कर रहे हैं।
मृतकों में 19 वर्षीय ग्रेसी ओमाले कुमार, उनके दोस्त बरनबी वेबर (19) तथा 65 वर्षीय इयान कोट्स शामिल हैं। ग्रेसी प्रतिभाशाली क्रिकेटर एवं हॉकी खिलाड़ी थी।
पुलिस के मुताबिक, ग्रेसी नॉटिंघम विश्वविद्यालय में सहपाठी एवं क्रिकेटर दोस्त बरनबी वेबर के साथ थी जब हमलावर ने मंगलवार तड़के उन दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने कोट्स की भी चाकू घोंपकर हत्या कर दी और उसकी वैन चुराकर तीन लोगों को कुचलने की कोशिश की।
माना जाता है कि आरोपी 31 वर्षीय पश्चिमी अफ्रीकी मूल का है और अब भी पुलिस की हिरासत में है। मामले की जांच में आतंकवाद रोधी अधिकारी मदद कर रहे हैं।
नॉटिंघम से ब्रिटिश भारतीय सांसद नादिया व्हिटोम ने पत्रकारों से कहा, “ फिलहाल ये शहर शोक में है...इस हमले से पूरा शहर स्तब्ध है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य जख्मी हैं। इनमें से एक की हालत नाज़ुक है।”
उन्होंने कहा, “नॉटिंघम में पहले ऐसा कुछ नहीं हुआ था, निश्चित रूप से मेरे जीवनकाल में तो बिल्कुल भी नहीं हुआ था। लेकिन हमारे समुदाय के ऐसे समय में एक साथ आने और एक-दूसरे को संभालने का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है और मुझे पता है कि यह समय अलग नहीं होगा।”
बुधवार को नॉटिंघम विश्वविद्यालय में हमले में मारे गए दो विद्यार्थियों की याद में सभा का आयोजन किया गया था। इसमें परिवार, दोस्तों और सहपाठियों ने उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
ग्रेसी लंदन में रहने वाले भारतीय मूल के डॉक्टर संजॉय कुमार की बेटी थीं। संजॉय कुमार को ‘नायक’ चिकित्सक बताया जाता है जिन्होंने 2009 में चाकूबाज़ी में जख्मी हुए कुछ किशोरों की जान बचाई थी।
ग्रेसी के परिवार ने कहा कि वे उसकी मौत से ‘‘बुरी तरह टूट’’ गए हैं।
बयान के मुताबिक, उसकी महत्वाकांक्षा डॉक्टर बनने की थी और वह इसके लिए मेडिकल की प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी
विश्वविद्यालय की कुलपति शियरर वेस्ट ने कहा कि वह प्रतिभाशाली खिलाड़ी थी जो अंडर 16 और अंडर 18 में इंग्लैंड हॉकी टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय हॉकी खेल चुकी थी और एसेक्स की अंडर 15 महिला क्रिकेट टीम के लिए भी वह खेल चुकी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY