खेल की खबरें | ग्रुप बी से गुजरात और हिमाचल प्रदेश के बीच क्वार्टर फाइनल के लिये मुकाबला

अहमदाबाद, 29 जनवरी गुजरात और हिमाचल प्रदेश के बीच बृहस्पतिवार से यहां होने वाले रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी के आखिरी मैच में जो टीम जीतेगी, वह क्वार्टर फाइनल में पहुंच जायेगी ।

ग्रुप बी से विदर्भ (34 अंक) लेकर शीर्ष पर है जिसने पिछले दौर में राजस्थान को 221 रन से हराया ।

गुजरात के 26 और हिमाचल प्रदेश के 21 अंक हैं । दोनों टीमें अभी क्वार्टर फाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं । हैदराबाद (16 अंक), राजस्थान (16), उत्तराखंड (10), आंध्र (सात) और पुडुच्चेरी (तीन) बाहर हो चुके हैं ।

हिमाचल को पिछले मैच में हैदराबाद ने एक पारी और 43 रन से हराया था ।

हिमाचल के लिये इस सत्र में छह मैचों में 549 रन बनाने वाले अंकित कलसी पर बल्लेबाजी का दारोमदार होगा । दूसरी ओर पिछले मैच में उत्तराखंड को एक पारी और 28 रन से हराने के बाद गुजरात के हौसले बुलंद है । उसके बायें हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ देसाई ने 36 रन देकर नौ विकेट चटकाये थे ।

विदर्भ का सामना आखिरी दौर में नागपुर में हैदराबाद से होगा ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)