नयी दिल्ली, 17 सितंबर भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) का विशिष्ट प्रदूषण नियंत्रण जहाज ‘समुद्र प्रहरी’ आसियान देशों की यात्रा पर है।
इस संबंध में एक आधिकारिक बयान में रविवार को कहा गया कि यह 11 सितंबर से चार अक्टूबर तक विदेश यात्रा पर रहेगा।
इसमें कहा गया कि समुद्री प्रदूषण से निपटने के लिए भारत की आसियान पहल के तौर पर यह तैनाती भारतीय तटरक्षक बल की प्रदूषण से निपटने की क्षमताओं तथा समुद्री प्रदूषण के मुद्दों को हल करने की उसकी प्रतिबद्वता को दर्शाती है।
बयान के अनुसार, यह जहाज चेतक हेलीकॉप्टर से लैस है जो क्षेत्र में उसकी क्षमताओं को बढ़ाता है।
आसियान देशों की यात्रा पर निकले जहाज में 13 एनसीसी कैडट सवार हैं जो समुद्री तटों की सफाई पर केंद्रित ‘पुनीत सागर अभियान’ में शामिल हैं।
बयान के अनुसार, यह यात्रा अहम समुद्री एजेंसियों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है। क्षेत्र में सागरों की सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए पिछले कुछ वर्षों में ये संबंध मजबूत हुए हैं।
इसमें कहा गया कि इस यात्रा के दौरान संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों तथा कर्मियों की भागीदारी क्षेत्रीय सुरक्षा को और मजबूत करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY