बेंगलुरु, आठ दिसंबर जनता दल (सेक्युलर) से निष्कासित सी एम इब्राहिम 11 दिसंबर को बेंगलुरु में पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित कर जद (एस) अध्यक्ष एच डी देवेगौड़ा और उनके परिवार के खिलाफ एक बड़े शक्ति प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं।
जद (एस) की 'कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष' के तौर पर इब्राहिम (75) ने बेंगलुरु में राष्ट्रीय स्तर की बैठक बुलाई है। उन्होंने दावा किया कि इसमें देशभर से पार्टी सदस्य और नेता हिस्सा लेंगे।
सी एम इब्राहिम ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हम एक राष्ट्रीय स्तर की बैठक आयोजित कर रहे हैं, जहां हम रहने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, राजस्थान समेत देशभर के प्रदेश अध्यक्ष यहां आ रहे हैं। ’’
इब्राहिम के मुताबिक इस बैठक का एजेंडा 'धर्मनिरपेक्षता के पक्ष में खड़े हों' है।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं एक निर्वाचित व्यक्ति हूं। वे मुझे हटा नहीं सकते। मेरे पिता ने मुझे पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया है। मुझे मतदाता के रूप में जनता दल (सेक्युलर) के नेताओं ने चुना है। ’’
इब्राहिम ने कहा कि वह अखिलेश यादव, नीतीश कुमार, राजद नेताओं, बीआरएस के के चंद्रशेखर राव, एम के स्टालिन और पिनरायी विजयन जैसे समान विचारधारा वाले लोगों के संपर्क में हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कर्नाटक से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा पर उन्होंने इसका स्वागत किया।
इब्राहिम ने कहा कि उनकी पार्टी उनका (राहुल गांधी का) समर्थन करेगी।
इब्राहिम ने कहा, ‘‘पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनकी पुत्रवधू सोनिया गांधी कर्नाटक से चुनाव लड़ी थीं और अब उनके पौत्र (राहुल गांधी) यहां से चुनाव लड़ेंगे। जिस भी निर्वाचन क्षेत्र से वह लड़ना चाहते हैं, उन्हें चुनने दें। हम उनका समर्थन करेंगे।’’
सी एम इब्राहिम को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण जद (एस) से निष्कासित कर दिया गया था।
पार्टी अध्यक्ष एच डी देवेगौड़ा ने 19 अक्टूबर को इब्राहिम को पार्टी की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष पद से हटा दिया था और उनके स्थान पर अपने बेटे एच डी कुमारस्वामी को नियुक्त किया था।
इब्राहिम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने के जद (एस) के फैसले के खिलाफ विद्रोह का झंडा बुलंद किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY