देश की खबरें | पर्याप्त वित्तीय सहायता मिलने पर जलवायु कार्रवाई की गति तेज की जा सकती है: यादव

नयी दिल्ली, 23 जुलाई केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि विकासशील देशों को पर्याप्त वित्तीय और तकनीकी सहायता मिलने पर ही जलवायु कार्रवाई की गति तेज हो सकती है।

यादव ने 16वें जी20 शिखर सम्मेलन 2021 में पर्यावरण मंत्रिस्तरीय बैठक के दूसरे दिन डिजिटल रूप से शामिल होते हुए दोहराया कि विकासशील देशों को किया गया मदद का वादा पूरा नहीं किया गया है।

पर्यावरण मंत्रालय के एक ट्वीट में मंत्री के हवाले से कहा गया, ‘‘जिस समर्थन का वादा किया गया था, जिसके आधार पर विकासशील देशों ने महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए हैं और पेरिस समझौते की पुष्टि की है, अभी पूरा नहीं किया गया है। हम पाते हैं कि वैश्विक जलवायु महत्वाकांक्षा और जलवायु नेतृत्व के लिए नए मानक प्रस्तावित किए जा रहे हैं।’’

यादव के हवाले से कहा गया है, ‘‘भारत ने कहा कि जलवायु कार्रवाई की गति को तभी तेज किया जा सकता है जब वित्त और प्रौद्योगिकी सहित कार्यान्वयन के माध्यम से पर्याप्त समर्थन प्राप्त हो।’’

मंत्री ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा प्रतिरोधी संरचना के लिए गठबंधन जैसे सहयोग के माध्यम से घरेलू और विश्व स्तर पर ठोस कार्यों के माध्यम से महत्वाकांक्षी योजनाओं के कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखेगा।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जी20 जलवायु सम्मेलन के एक सत्र में कहा गया है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत जलवायु कार्रवाई और बहुपक्षीय रूप से सहमत यूएनएफसीसीसी कन्वेंशन और इसके पेरिस समझौते के भीतर अपनी प्रतिबद्धताओं पर कायम है।’’

इटली के नेपल्स में आयोजित दो दिवसीय जी20 पर्यावरण मंत्रिस्तरीय बैठक में यादव ने डिजिटल रूप से भाग लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)