कोझिकोड (केरल), आठ अगस्त केंद्रीय विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यहां कारीपुर हवाई अड्डे पर एअर इंडिया एक्सप्रेस हादसे में मारे गए लोगों को 10-10 लाख रुपए की अंतरिम राहत देने की शनिवार को घोषणा की।
उन्होंने विमान हादसे के शिकार लोगों के परिजन को आश्वस्त किया कि अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आईसीएओ) के अंतरराष्ट्रीय समझौते के मुताबिक मुआवजा दिलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
दुबई-कोझिकोड विमान की दुर्घटना और राहत उपायों का जायजा लेने पहुंचे मंत्री ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त एअर इंडिया एक्सप्रेस के मुख्य पायलट दीपक वसंत साठे सर्वाधिक अनुभवी कमांडरों में एक थे, जिनके पास दस हजार घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव था और पहले वह कारीपुर हवाई अड्डे पर 27 बार विमान की लैंडिंग करा चुके हैं।
पुरी ने केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन और अन्य के साथ दुर्घटनास्थल का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत के दौरान घोषणा की कि हादसे में मारे गए लोगों को 10-10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को दो-दो लाख रुपए और मामूली रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए की राहत दी जाएगी।
यह भी पढ़े | Online Patriotic Film Festival: देशभक्ति वाली फिल्मों का ऑनलाइन फिल्म फेस्टिवल 7 अगस्त से शुरू.
उन्होंने कहा कि यह मुआवजा उस राशि के अलावा दिया जाएगा, जो विभिन्न एजेंसियों, विमान के बीमा इत्यादि से मिल सकती हैं।
पुरी ने कहा, ‘‘मैं जिक्र करना चाहता हूं कि एअर इंडिया के विमान उचित तरीके से बीमित हैं और यात्रियों और उनके परिजन के साथ उचित समय पर चर्चा की जाएगी जो अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन के मांट्रियल समझौते के मुताबिक होगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘सर्वप्रथम विमान में सवार हर यात्री के प्रति जिम्मेदारी है। 23 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी मिल गई क्योंकि वे मामूली रूप से जख्मी हुए थे। 149 लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।’’
पुरी ने कहा, ‘‘विमान के कैप्टन और संचालक दीपक वसंत साठे हमारे सर्वाधिक अनुभवी कमांडरों में एक थे। वास्तव में कैप्टन के पास दस हजार घंटे से अधिक विमान उड़ाने का अनुभव था। वह इस हवाई अड्डे पर करीब 27 बार विमान लैंड करा चुके हैं।’’
सह पायलट अखिलेश कुमार (32) की भी दुर्घटना में मौत हो गई। उनके पास भी 1723 घंटे के उड़ान का अनुभव था।
विमान में सवार सभी केबिन क्रू सुरक्षित हैं।
उन्होंने दुर्घटना के बाद बचाव अभियान में हिस्सा लेने वाले स्थानीय विमान प्राधिकरण के अधिकारियों, अन्य सभी एजेंसियों और स्थानीय लोगों की प्रशंसा की।
उल्लेखनीय है कि दुबई से 190 यात्रियों के साथ आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान शुक्रवार को यहां भारी बारिश के बीच हवाईअड्डे पर उतरते समय हवाईपट्टी पर फिसलने के बाद 35 फुट नीचे खाई में जा गिरी थी। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY