विदेश की खबरें | चीन अस्पताल आग: मृतक संख्या बढ़कर 29 हुई, 12 लोगों को हिरासत में लिया गया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

(तस्वीर के साथ)

बीजिंग, 19 अप्रैल चीन की राजधानी में एक अस्पताल की इमारत में भीषण आग लगने से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है जिनमें से 26 मरीज थे। मामले में अस्पताल के प्रमुख, उनके कनिष्ठ सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, ‘बीजिंग चांगफेंग हॉस्पिटल’ में मंगलवार को लगी आग पर एक घंटे में काबू पा लिया गया था।

आधिकारिक मीडिया ने मंगलवार को हादसे में 21 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी।

बीजिंग नगर स्वास्थ्य आयोग के उप निदेशक ली आंग ने पत्रकारों को बताया कि हादसे में 26 मरीजों, एक मरीज के परिजन, मरीजों की देखभाल करने वाले एक शख्स (केयरगिवर) और एक नर्स की मौत हो गई।

ली ने बताया कि हादसे में घायल हुए 39 अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में हिरासत में लिए गए लोगों में अस्पताल के प्रमुख भी शामिल हैं।

बीजिंग के फेंगताई जिले में स्थित इमारत में आग लगने से 70 से अधिक मरीज प्रभावित हुए, जिन्हें अस्पताल की एक अन्य इमारत में स्थानांतरित किया गया।

‘शिन्हुआ’ के मुताबिक, प्राथमिक जांच के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान एक चिंगारी से आग लगी। आग लगने के उचित कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

‘बीजिंग चांगफेंग हॉस्पिटल’ एक निजी अस्पताल है जिसकी स्थापना 1985 में की गई थी।

खबर के अनुसार, शहर प्रशासन ने आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए एक विशेष कार्यकारी दल का गठन किया है। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को कानून के तहत जवाबदेह ठहराया जाएगा।

गौरतलब है कि चीन के पूर्वी झेजियांग प्रांत में जिनहुआ शहर के वुई काउंटी में सोमवार को एक फैक्टरी में आग लगने की एक अन्य घटना में 11 लोगों की झुलसकर मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)