भोपाल, 13 नवंबर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले में एक भेड़िये को मौत के घाट उतारने वाली 65 वर्षीय एक महिला की बहादुरी की प्रशंसा की और बुधवार को उन्हें एक लाख रुपये की सहायता देने का वादा भी किया।
भेड़िये के हमले की घटना पिछले सप्ताह हुई थी।
आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा के खकरा चौराई गांव की रहने वाली भुजलो बाई को वीडियो कॉल कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
भुजलो बाई फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं।
फसलों की रखवाली के लिए अपने खेत में सो रही भुजलो बाई और दुर्गा बाई (55) पर पिछले शुक्रवार को भेड़िये ने हमला किया था।
हमले के दौरान भेड़िये ने भुजलो बाई के हाथ का अंगूठा खा लिया।
विज्ञप्ति के मुताबिक, जब दुर्गा बाई वहां आईं तो भेड़िये ने उन पर भी हमला कर दिया।
विज्ञप्ति में बताया गया कि दोनों महिलाओं ने आधे घंटे तक भेड़िये से मुकाबला किया और वहां रखे फावड़े से जानवर को मार डाला।
विज्ञप्ति के मुताबिक, बाद में दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और दुर्गा बाई को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई।
विज्ञप्ति में बताया गया कि मुख्यमंत्री यादव ने वीडियो कॉल के दौरान भुजलो बाई के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उन्हें हर संभव चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार उनके चिकित्सा व्यय का वहन करेगी।
यादव ने इसके बाद भेड़िये के हमले के दौरान भुजलो बाई की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए उन्हें मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने की घोषणा की।
यादव ने कहा कि अगर आवश्यकता हुई तो उन्हें उपचार के लिए हवाई मार्ग के जरिये भोपाल लाया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY