देश की खबरें | मुख्‍यमंत्री ने भ्रष्‍टाचार के मामले में होमगार्ड कमांडेंट को बर्खास्त करने का आदेश दिया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

लखनऊ, 19 अक्‍टूबर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्थिक भ्रष्‍टाचार के मामले में होमगार्ड विभाग के एक जिला कमांडेंट को बर्खास्‍त करने का आदेश दिया है।

राज्‍य सरकार के प्रवक्‍ता ने सोमवार को एक बयान में कहा कि बुलंदशहर में तैनाती के दौरान जिला कमांडेंट मुकेश कुमार ने आर्थिक भ्रष्‍टाचार किया था। निलंबन के दौरान उनके खिलाफ जांच चल रही थी। मुख्यमंत्री ने जांच पूरी होने के बाद इस अधिकारी को बर्खास्त करने का आदेश दिया है।

यह भी पढ़े | Special Trains For Festival: भारतीय रेलवे कल से विशेष ‘फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा, पढ़ें पूरी डिटेल्स.

प्रवक्‍ता के मुताबिक पिछले वर्ष नवंबर में कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर तीन वीडियो वायरल हुए थे। वायरल वीडियो में होमगार्ड स्वयंसेवकों की विभिन्न प्रकार की ड्यूटी के एवज में कुमार रुपये लेकर अपनी जेब में रखते दिखाई दिए थे।

उन्होंने कहा कि वीडियो क्लिप में हो रही वार्ता में यह साफ था कि होमगार्ड की ड्यूटी के एवज में जिला कमांडेंट द्वारा रुपये लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने तत्काल इसकी पड़ताल कराई। प्रारंभिक जांच डिप्टी कमांडेंट जनरल होमगार्ड, आगरा के स्तर से हुई, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर कुमार को निलंबित कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई थी।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: चिराग पासवान का नीतीश कुमार पर हमला, कहा – सिर्फ़ कुर्सी के खेल में पिछले 5 साल साहब ने बिहारियों के बर्बाद किये.

प्रवक्‍ता ने बताया कि इस मामले की विस्तृत जांच के लिए विवेक कुमार सिंह (डिप्टी कमांडेंट जनरल, केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ) को जांच अधिकारी बनाया गया था। इस जांच में भी जिला कमांडेंट के खिलाफ सभी आरोप सही पाए गए।

हालांकि कुमार ने वीडियो को फर्जी करार देकर खुद को निर्दोष बताया था।

प्रवक्‍ता ने बताया कि वीडियो का परीक्षण विधि विज्ञान प्रयोगशाला, लखनऊ में कराया गया जहां तीनों वीडियो क्लिप में किसी तरह की छेड़छाड़ की पुष्टि नहीं हुई। इन सब तथ्‍यों के संज्ञान में आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निलंबित जिला कमांडेंट को बर्खास्त करने का आदेश दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)