देश की खबरें | मुख्यमंत्री ने अक्षय तृतीया, परशुराम जयंती और ईद की शुभकामनाएं दी

लखनऊ, 21 अप्रैल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अक्षय तृतीया, परशुराम जयंती और ईद पर प्रदेश के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी एक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय तृतीया को सनातन संस्कृति में बहुत शुभ दिन माना जाता है। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया एक उगादि तिथि है जिसका अर्थ है यह कई युगों से मनाया जाता रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘भगवान विष्णु इस संपूर्ण सृष्टि के रचयिता हैं। यही वजह है कि अक्षय तृतीया की तिथि को भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त है। इस तिथि को भगवान विष्णु के लक्ष्मीनारायण रूप की पूजा की जाती है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम की जयंती भी इस तिथि को मनाई जाती है। महर्षि परशुराम का इस समाज में धर्म एवं न्याय की स्थापना में अतुल्य योगदान है।

योगी आदित्यनाथ ने कोविड के मद्देनजर लोगों से अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती मनाने में सभी तरह की सावधानी बरतने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के लोगों को ईद की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ईद का त्यौहार खुशी और एक दूसरे से मिलने का संदेश देता है। खुशियों का यह त्यौहार सामाजिक एकता को मजबूत करता है और भाईचारे की भावना बढ़ाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)