नयी दिल्ली, छह फरवरी राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने असम में मानव तस्करी से संबंधित एक मामले में बांग्लादेश और म्यांमा के पांच नागरिकों सहित 24 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
संघीय एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बांग्लादेशियों और म्यांमा के रोहिंग्याओं का भारत में प्रवेश कराने में शामिल अंतरराष्ट्रीय गिरोह के तस्करों के खिलाफ गुवाहाटी में एनआईए की एक विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया।
अधिकारी ने कहा कि आरोपियों में बांग्लादेश के चार और म्यांमा का एक नागरिक भी शामिल है। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता, विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) अधिनियम एवं नियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एनआईए ने पिछले साल नवंबर में राज्य पुलिस एजेंसियों के सहयोग से त्रिपुरा, असम, जम्मू-कश्मीर और पश्चिम बंगाल में 39 ठिकानों पर बड़े पैमाने पर छापेमारी कर कुल 29 लोगों को गिरफ्तार किया था।
अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में आपत्तिजनक दस्तावेज, जाली भारतीय पहचान दस्तावेज, बैंक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए थे। इसके बाद दिसंबर में त्रिपुरा से चार और आरोपियों को पकड़ा गया, जिससे गिरफ्तार किए गए कुल लोगों की संख्या 33 हो गई थी।
शुरू में इस संबंध में असम पुलिस ने मामला दर्ज किया था। एनआईए ने छह अक्टूबर को जांच अपने हाथ में ले ली थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY