चंडीगढ़, 19 अप्रैल पंजाब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष चरणजीत सिंह अटवाल ने अपने बेटे इंदर इकबाल अटवाल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के कुछ दिनों बाद बुधवार को शिरोमणि अकाली दल की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
भाजपा ने इंदर इकबाल सिंह अटवाल को पंजाब में जालंधर संसदीय सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है।
चरणजीत सिंह अटवाल 2004 से 2009 तक लोकसभा के उपाध्यक्ष थे और एक समय उन्हें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का करीबी माना जाता था। चरणजीत (86) ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों के भाजपा में शामिल होने के बाद ‘‘नैतिक आधार’’ पर अकाली दल से इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने कहा, "मैंने शिरोमणि अकाली दल को पत्र लिखा है कि मैंने आज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अन्य जिम्मेदारियों का परित्याग कर दिया है। मैंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि मेरे बेटों-इंदर इकबाल सिंह और जसजीत सिंह तथा मेरे भतीजे सुखजिंदरजीत सिंह ने अकाली दल छोड़ दिया तथा भाजपा में शामिल हो गए हैं।"
उन्होंने कहा, ‘‘दूसरी बात यह है कि मेरा बड़ा बेटा इंदर इकबाल सिंह जालंधर लोकसभा उपचुनाव भाजपा उम्मीदवार के तौर पर लड़ रहा है। ऐसे में नैतिक रूप से मुझे लगता है कि अकाली दल को छोड़ना जरूरी है।’’
जालंधर संसदीय सीट के लिए मतदान 10 मई को होगा, जबकि मतों की गिनती 13 मई को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY