देश की खबरें | रक्षा मंत्री के लद्दाख के प्रस्तावित दौरे के कार्यक्रम में किया गया बदलाव

नयी दिल्ली, दो जुलाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शुक्रवार को लद्दाख के प्रस्तावित दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि रक्षा मंत्री के दौरे को क्यों स्थगित किया गया है।

यह भी पढ़े | पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ फोन पर की बात, भारत में होने वाले शिखर सम्मेलन पर हुई चर्चा.

सूत्रों ने बताया कि सिंह लद्दाख में भारत की सैन्य तैयारियों का जायजा लेने के लिये ‘‘जल्द ही’’ वहां का दौरा करेंगे। वहां भारत और चीन के सैनिकों के बीच सीमा पर सात सप्ताह से गतिरोध की स्थिति है।

रक्षा मंत्री के साथ इस दौरे पर थल सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे भी होंगे।

यह भी पढ़े | बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 17 लोगों की मौत: 2 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

सेना प्रमुख ने 23 और 24 जून को लद्दाख का दौरा किया था, जिस दौरान उन्होंने सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सिलसिलेवार बैठक की थी और पूर्वी लद्दाख में विभिन्न अग्रिम इलाकों में भी गये थे।

पिछले सात सप्ताह से भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच पूर्वी लद्दाख में कई स्थानों पर गतिरोध बना हुआ है। वहीं, 15 जून को गलवान घाटी में हुई एक हिंसक झड़प में भारत के 20 सैनिकों के शहीद होने के बाद यह तनाव कई गुना बढ़ गया।

झड़प में चीनी सैनिक भी हताहत हुए, लेकिन अभी तक चीन ने इस बारे में ब्योरा नहीं दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)