कोट्टायम (केरल), 20 जुलाई केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी का पार्थिव शरीर लेकर आ रहा वाहन तिरुवनंतपुरम से अपनी यात्रा शुरू करने के 24 घंटे बाद भी यहां उनके गृह नगर नहीं पहुंच पाया है क्योंकि रास्ते में अपने प्रिय नेता की अंतिम झलक पाने के लिए हजारों लोग एकत्रित हो गए हैं।
जिस बस से चांडी का पार्थिव शरीर लाया जा रहा है, उसके रास्ते में बड़ी संख्या में लोग रात भर से एकत्रित हैं जिससे वाहन बेहद धीमी गति से आगे बढ़ पा रहा है। ये लोग चांडी को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़े हैं।
चांडी की अंतिम यात्रा तिरुवनंतपुरम से बुधवार सुबह सात बजकर 20 मिनट पर शुरू हुई थी। दशकों लंबे अपने राजनीतिक करियर में उन्होंने एक विधायक, कांग्रेस पार्टी के नेता और एक मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की राजधानी में अपने जीवन का बड़ा हिस्सा गुजारा।
चार जिलों तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथनमथिट्टा और अलप्पुझा में कई स्थानों से गुजरते हुए बस को एक घंटे से भी अधिक समय तक रुकना पड़ा क्योंकि लोग अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़े थे।
इसके कारण करीब 150 किलोमीटर की चांडी की अंतिम यात्रा 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी पूरी नहीं हुई है जबकि इसमें आम तौर पर तीन से चार घंटे लगते।
बच्चों समेत हजारों लोग रात भर बस के मार्ग पर सड़क किनारे डटे रहे ताकि अपने नेता को अंतिम बार देख सकें। कोट्टायम के तिरुनक्कारा ग्राउंड में विभिन्न दलों के नेता समेत अन्य लोग रात भर इंतजार करते रहे।
चांडी के पार्थिव शरीर को मालाओं एवं उनकी तस्वीरों से सुसज्जित और पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से भरी एक विशेष रूप से निर्मित ‘लो-फ्लोर’ बस में सड़क मार्ग से उनका गढ़ रहे कोट्टायम ले जाया जा रहा है। पुथुपल्ली में उनके घर के बाहर ऐसा ही नजारा देखा गया जहां न केवल स्थानीय लोग बल्कि अन्य लोग भी चांडी को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार सुबह से ही एकत्रित हैं।
लोग तिरुनाक्कारा ग्राउंड में उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को पुथुपल्ली में उनके घर ले जाया जाएगा और उसके बाद गांव के एक गिरजाघर में विशेष रूप से तैयार की गयी एक कब्र में उन्हें दफनाया जाएगा, जिसके साथ ही केरल की राजनीति में एक युग का अंत हो जाएगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, चांडी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
केरल के दो बार मुख्यमंत्री रहे चांडी ने बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में मंगलवार सुबह चार बजकर 25 मिनट पर अंतिम सांस ली। पार्टी सूत्रों ने बताया कि उनका निधन कैंसर के इलाज के दौरान हुआ। वह 79 वर्ष के थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY