देश की खबरें | भाजपा शासित दमन जिला पंचायत का अध्यक्ष उगाही मामले में गिरफ्तार

दमन, 12 जनवरी केंद्र शासित प्रदेश दादरा नगर हवेली और दमन और दीव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित दमन जिला पंचायत के अध्यक्ष को बृहस्पतिवार को उगाही के एक कथित मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

दमन के पुलिस अधीक्षक अमित शर्मा ने बताया कि कबाड़ (स्क्रैप) कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने भाजपा नेता नवीन पटेल और उनके छोटे भाई अशोक पटेल को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने कहा कि उन्हें एक अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उन्हें 16 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रशासन ने नवीन पटेल को जिला पंचायत के अध्यक्ष और सदस्य पद से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

एक स्थानीय ‘स्क्रैप’ डीलर ने नवीन और अशोक पटेल पर अपने व्यवसाय को जारी रखने की अनुमति देने के लिए उगाही करने का आरोप लगाते हुए कदैया पुलिस थाने का रुख किया था।

पुलिस अधीक्षक शर्मा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्होंने कुछ समय पहले वापी के एक व्यक्ति के साथ साझेदारी में अपना व्यवसाय शुरू किया था। तीन महीने पहले नवीन पटेल और उसके भाई ने उसे धमकी दी और कहा कि अगर वह कारोबार करना चाहता है तो उसे हर महीने पैसे देने होंगे। उन्होंने शुरू में उन्हें पैसे दिए लेकिन बाद में उन्होंने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)