देश की खबरें | क्यूआरटी पर हमला करने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे : आईजीपी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

श्रीनगर, 26 नवंबर श्रीनगर के बाहरी हिस्से परिम्पुरा इलाके में एक कार से आए तीन आतंकवादियों ने बृहस्पतिवार को सेना की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) पर हमला कर दिया जिसमें दो जवान शहीद हो गए। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने कहा कि हमलावरों की पहचान के लिए सुरक्षा बल घटना के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं।

आतंकवादियों ने परिम्पुरा के खुशीपुरा इलाके में क्यूआरटी टीम पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिससे दो जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें नजदीकी शरीफाबाद शिविर में सेना के अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गयी।

यह भी पढ़े | Lalu Yadav Phone Call: आरजेडी प्रमुख लालू यादव की बढ़ीं मुश्किलें, वायरल ऑडियो मामले में पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज.

कुमार ने घटनास्थल के पास संवाददाताओं से कहा, ‘‘कार से आए तीन आतंकवादियों ने सेना के जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें से दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल सैनिकों की बाद में मृत्यु हो गयी।’’

आईजीपी ने कहा कि सुरक्षा बल अब उस वाहन का पता कर रहे हैं, जिसका इस्तेमाल हमले में किया गया था।

यह भी पढ़े | Uttar Pradesh: शादियों में डीजे और बैंड-बाजा बजाने की मिली छुट, बस करना होगा ये काम.

उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यह हमला लश्कर-ए-तैयबा या जैश-ए-मोहम्मद ने किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां लश्कर और जैश की गतिविधियां हैं और हम हमला करने वाले समूह की शाम तक पहचान कर लेंगे। तीनों (आतंकवादियों) में से दो पाकिस्तान के विदेशी आतंकवादी हो सकते हैं और एक स्थानीय हो सकता है। हम सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)