नयी दिल्ली, 19 जुलाई दिल्ली के चिड़ियाघर में पशुओं के व्यवहार पर हर पल नजर रखने और आगंतुकों को नियम तोड़ने से रोकने के लिये सीसीटी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
चिड़ियाघर के एक अधिकारी ने कहा कि पहले चरण में यहां करीब 230 कैमरे लगाए जाएंगे। बाद में इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है।
यह भी पढ़े | केरल के चेल्लनम गांव के लिए पानी बनी मुसीबत, रिहायशी इलाकों में आया समुद्र जैसा लहर- देखें वीडियो.
उन्होंने कहा कि सर्वर रूम तैयार कर दिया गया है और हब लगाने तथा तार बिछाने का काम जारी है।
अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी के लिये अलग से कक्ष बनाने के अलावा चिड़ियाघर के निदेशक तथा अन्य अधिकारियों के कार्यालयों में भी निगरानी की सुविधा दी जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगाने से कर्मचारियों को यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि जानवर सही ढंग से खा पा रहे हैं या नहीं। उनकी तबीयत ठीक है या नहीं या फिर वह गलत व्यवहार तो नहीं कर रहे।
इससे पहले, चिड़ियाघर के कर्मचारी जरूरत पड़ने पर ''स्टैंडबाय'' कैमरे का इस्तेमाल कर रहे थे। इसका इस्तेमाल ठीक व्यवहार नहीं करने वाले मांसाहारी जानवरों की निगरानी और यह पता लगाने के लिये किया जाता था कि कोई जानवर बीमार तो नहीं है।
अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगाने का एक और मकसद आगंतुक को नियम तोड़ने से रोकना है।
उन्होंने कहा कि कई बार आगंतुक जानवरों को परेशान करने का प्रयास करते हैं। उन्हें खाना देते हैं या फिर उनपर कंकड़ फेंकते हैं। कुछ मौकों पर लोग मांसाहारी जानवरों के बाड़ों में कूदने का भी प्रयास कर चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY