नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर सीबीआई ने बृहस्पतिवार को उन मीडिया रिपोर्ट को ''काल्पनिक'' और ''त्रुटिपूर्ण'' करार दिया, जिनमें दावा किया गया है कि एजेंसी ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अपनी जांच पूरी कर ली है और जल्द ही वह ''क्लोजर रिपोर्ट'' दाखिल कर सकती है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद से तीसरी बार जारी ऐसे बयान में केंद्रीय जांच एजेंसी ने अभिनेता की मौत के मामले में अपने निष्कर्षों से संबंधित खबरों को काल्पनिक करार दिया है।
यह भी पढ़े | ठाकरे सरकार में मंत्री यशोमती ठाकुर को अदालत ने सुनाई 3 महीने की सजा, कांग्रेस की है नेता, ये है मामला.
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के प्रवक्ता आरके गौर ने एक बयान में कहा, '' सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई की जांच जारी है। मीडिया में कुछ ऐसी काल्पनिक रिपोर्ट सामने आयी हैं कि सीबीआई एक निष्कर्ष पर पहुंच चुकी है। यह फिर दोहराया जाता है कि ऐसी रिपोर्ट त्रुटिपूर्ण एवं काल्पनिक हैं।''
सीबीआई सुशांत की महिला मित्र रिया चक्रवर्ती और उसके परिवार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों के संबंध में जांच कर रही है।
राजपूत (34) का शव 14 जून को उनके बांद्रा स्थित उनके फ्लैट में फंदे से लटकता पाया गया था, जिसके बाद से मुंबई पुलिस विभिन्न कोणों से इस मामले की जांच कर रही थी। बाद में मामला सीबीआई को सौंपा गया था।
वहीं, एम्स के फोरेंसिक दल ने अभिनेता की मौत के मामले में किसी गड़बड़ी की आशंका को खारिज किया था।
फोरेंसिक मेडिकल बोर्ड के प्रमुख सुधीर गुप्ता ने कहा था, '' यह फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला है। हमें अपने निष्कर्षों की रिपेार्ट सीबीआई को सौंप दी है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY