कोलकाता, दो जून केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसक घटनाओं की जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस के बीरभूम जिलाध्यक्ष अनुब्रत मंडल से पांच घंटे तक पूछताछ की। एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मंडल बृहस्पतिवार से निर्धारित समय से काफी पहले पूर्वाह्न 11 बजकर 40 मिनट पर सीबीआई कार्यालय पहुंचे और करीब पांच बजकर 10 मिनट पर वहां से निकले। मंडल बुधवार रात कोलकाता आए थे ।
अधिकारी ने बताया कि मंडल से चुनाव बाद हिंसा तथा इलामबाजार में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के संबंध में कई प्रश्न पूछे गये।
उन्होंने कहा, ‘‘मंडल के जवाबों को हमारे अधिकारियों ने रिकार्ड किया गया एवं लिपिबद्ध किया। अब इस मामले में गिरफ्तार किये गये अन्य आरोपियों के जवाबों से सत्यापन किया जाएगा। ’’
अधिकारी ने कहा कि तृणमूल नेता को अपनी बेटी तथा अंगरक्षक समेत अन्य करीब सहयोगियों के मोबाइल नंबर देने को कहा गया है क्योंकि सीबीआई को संदेह है कि जिस दिन भाजपा कार्यकर्ता की हत्या की गयी, उस दिन उन्होंने फोन करने के लिए इन नंबरों का उपयोग किया गया हो। ’’
मंडल बीमारी का हवाला देते हुए पिछले सप्ताह शुक्रवार को सीबीआई के सामने पेश नहीं हुए थे। उसके बाद उन्हें बुधवार को नोटिस देकर बृहस्पतिवार को पेश होने को कहा गया है।
तृणमूल नेता पर सीबीआई की पशु तस्करी मामले में नजर है। उनसे इस सिलसिले में पहले पूछताछ की गयी थी।
मंडल के करीबी सूत्रों ने कहा कि शुक्रवार को वह स्वास्थ्य जांच के लिए एसएसकेएम अस्पताल जाने वाले थे।
मंडल शहर में करीब डेढ़ माह रहने के बाद 21 मई को बीरभूम जिले में अपने गृहनगर बोलपुर लौटे थे। वह पशु तस्करी मामले में पूछताछ के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी के सामने पेश हेाने के लिए शहर में थे।
शहर में रहने के दौरान उन्हें सीबीआई जांचदल के सामने पेशी से पहले 15 दिनों के लिए एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY