विदेश की खबरें | कनाडा 19 नवंबर को एयर इंडिया के यात्रियों के खिलाफ संभावित 'खतरे' की जांच कर रहा
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

ओटावा, 10 नवंबर कनाडा ने कहा है कि वह विमानन क्षेत्र से जुड़े किसी भी "खतरे" को काफी गंभीरता से लेता है और वह ऑनलाइन तरीके से दी गई चेतावनी की जांच कर रहा है।

एअर इंडिया के यात्रियों को खालिस्तान समर्थक एक प्रतिबंधित समूह द्वारा दी गई धमकी देने के कुछ दिनों बाद कनाडा की यह टिप्पणी सामने आई है।

प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू ने हाल ही में एक वीडियो जारी करके एअर इंडिया की 19 नवंबर की उड़ानों के यात्रियों को धमकी दी थी। इसी दिन अहमदाबाद में आईसीसी विश्व कप का फाइनल होगा

कनाडा की सरकार और रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने पुष्टि की है कि वे संभावित आतंकी खतरे की जांच कर रहे हैं।

कनाडा के परिवहन मंत्री पाब्लो रोड्रिग्ज ने कहा कि सरकार अपने सुरक्षा भागीदारों के साथ कथित खतरे की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा, "हमारी सरकार विमानन क्षेत्र से जुड़े किसी भी खतरे को बेहद गंभीरता से लेती है। हम ऑनलाइन तरीके से दी गई चेतावनी की बारीकी से और अपने सुरक्षा भागीदारों के साथ जांच कर रहे हैं। हम कनाडाई लोगों को सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।" भारत ने बृहस्पतिवार को कहा था कि वह ऐसे चरमपंथी तत्वों को जगह नहीं देने के लिए विदेशी सरकारों पर दबाव डालना जारी रखेगा।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि भारत इस तरह की आतंकवादी धमकियों की कड़ी निंदा करता है और वह आवश्यक सुरक्षा कदम उठाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)