नयी दिल्ली, 21 अप्रैल वेदांता समूह की कंपनी केयर्न ऑयल एंड गैस ने शुक्रवार को कहा कि असम के हजारीगांव स्थित क्षेत्र से परीक्षण उत्पादन शुरू हो गया है। कंपनी ने खोजे गए छोटे क्षेत्र (डीएसएफ) की नीलामी में यह क्षेत्र हासिल किया था।
केयर्न ऑयल एंड गैस ने एक बयान में कहा कि हजारीगांव क्षेत्र से उत्पादित गैस को मुख्य ट्रंक पाइपलाइन और एक गैस भंडारण प्रणाली के जरिये असम गैस कंपनी लिमिटेड (एजीसीएल) तक पहुंचाया गया। इस गैस का इस्तेमाल चाय उत्पादक एवं अन्य उद्योग करेंगे।
कंपनी ने कहा कि गैस भंडारण प्रणाली की मदद से हजारीगांव क्षेत्र से निकली गैस करीब 100 सीएनजी बसों में इ्स्तेमाल की जा सकेगी।
केयर्न ऑयल एंड गैस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी निक वॉकर ने कहा, "पूर्वोत्तर भारत में किसी डीएसएफ से परिचालन शुरू करने वाली पहली कंपनी बनकर हम खुश हैं। इस इलाके में काफी संभावनाएं हैं और हमारे लिए यह अहम है।"
उन्होंने कहा कि कंपनी की असम के गोलाघाट, जोरहट और तिनसुकिया जिलों में अगले दो साल के भीतर खोज के लिहाज से पांच से 10 कुएं खोदने की योजना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY