देश की खबरें | कर्नाटक में सूखे की स्थिति पर कैबिनेट उपसमिति करेगी चर्चा : मुख्यमंत्री सिद्धरमैया

मैसूरु (कर्नाटक), 28 अगस्त कर्नाटक के कुछ हिस्सों में सूखे की स्थिति के मद्देनजर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा कि एक कैबिनेट उप-समिति शीघ्र ही बैठक करेगी और उसके अवलोकन के आधार पर राज्य सरकार निर्णय लेगी।

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कृत्रिम बारिश (क्लाउड सीडिंग) का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा कि दुनिया में ऐसे कोई उदाहरण नहीं हैं जब ऐसी कोई पहल सफल हुई हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य द्वारा सूखा घोषित किए जाने पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ) के नियमों के अनुसार केंद्रीय सहायता प्राप्त करने के लिए केंद्र को सूचित किया जाएगा।

सिद्धरमैया ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘एक-दो दिन में कैबिनेट उप समिति की बैठक होगी। उसके बाद हम कोई निर्णय लेंगे। राज्य में सूखा घोषित किए जाने पर हम केंद्र से अपील करेंगे। केंद्र का एक दल आएगा। केंद्र को एनडीआरएफ के नियमों के अनुसार हमारी मदद करनी होगी।’’

उन्होंने कहा कि सूखा घोषित होने के बाद सरकार प्रभावित तालुकाओं में राहत कार्यक्रम चलाएगी, जिनमें प्रभावित लोगों को रोजगार मुहैया कराने जैसे कदम उठाए जाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता बसवराज बोम्मई ने कुछ दिन पहले राज्य के विभिन्न हिस्सों में सूखे की स्थिति का मुद्दा उठाया था।

कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जुलाई के अंतिम सप्ताह में हुई बारिश राज्य के लिए अपर्याप्त रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)