देश की खबरें | उपचुनाव: हरियाणा की बरोदा सीट पर शाम चार बजे तक 46 प्रतिशत से अधिक मतदान
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़, तीन नवम्बर हरियाणा की बरोदा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार शाम चार बजे तक 46 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका है।

कांग्रेस विधायक कृष्ण हुड्डा के निधन के बाद अप्रैल में बरोदा सीट खाली हो गई थी, जिन्होंने 2009, 2014 और 2019 के विधानसभा चुनावों में इस सीट से जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने इस बार इंदु राज नरवाल को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं बरोदा से भाजपा के उम्मीदवार पहलवान योगेश्वर दत्त हैं।

यह भी पढ़े | Uttarakhand: देश में बन रहे पहले स्नो लैपर्ड कंजर्वेशन सेंटर के जरिए राज्य में बढ़ेगा विंटर टूरिज्म, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार.

अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक चलेगा।

चुनाव आयोग के अनुसार यहां करीब 1.81 लाख मतदाता हैं। दोपहर एक बजे तक यहां 34.67 प्रतिशत मतदान हुआ।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: राहुल गांधी ने पीएम मोदी के साथ नीतीश कुमार पर साधा निशाना, कहा- बिहार के लोगों ने बदलाव का मन बना लिया है.

उपचुनाव के लिए कुल 280 मतदान केन्द्रों की स्थापना की गई है, जिनमें से 151 को ‘‘संवेदनशील’’ घोषित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि अर्धसैनिक बल की तीन टुकड़ियों सहित सुरक्षा कर्मियों को शांतिपूर्ण उपचुनाव सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर हैंड सैनिटाइजर, मास्क और दस्ताने उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, पीपीई (निजी सुरक्षा उपकरण) किट, दस्ताने और सैनिटाइजर की व्यवस्था मतदान कर्मचारियों के लिए की गई है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बरोदा के लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ मेरे प्यारे बरोदावासियों, लोकतंत्र में एक-एक वोट बहुमूल्य है, आपका एक वोट भी कीमती है। मैं आप सभी से अपील करता हूं कि अपने परिवार के साथ अधिक से अधिक संख्या में लोकतंत्र के उत्सव में भाग लें तथा मतदान करें।’’

वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘ बरोदा उप-चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है और हरियाणा की राजनीति की दशा व दिशा बदलेगा। बरोदा विधानसभा के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि आप कोरोना संबंधी सावधानियों को बरतते हुए, लोकतंत्र के इस त्योहार में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करें। आप सभी मतदाताओं का एक-एक मत बहुत महत्वपूर्ण है।’’

पहलवानी से राजनीति में आए योगेश्वर दत्त ने सुबह मतदान किया और इससे पहले उन्होंने अपनी अकादमी में पूजा भी की थी।

उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए लोगों से मतदान करने की अपील की और कहा कि उनका लक्ष्य लोगों की सेवा करना है।

अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,80,529 मतदाता हैं, जिनमें से 99,726 पुरुष, 80,801 महिलाएं और दो ट्रांसजेंडर हैं। वहीं कुल 14 उम्मीदवार यहां अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)