देश की खबरें | मप्र में विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की भैंस, एक प्रदर्शनकारी घायल

शाजापुर (मध्य प्रदेश), तीन जुलाई जिले में निजी स्कूलों के मालिकों और संचालकों द्वारा विरोध प्रदर्शन के लिए लाई गई एक भैंस विरोध प्रदर्शन के दौरान उग्र हो गई। घटना में प्रदर्शन में शामिल गए महिला घायल हो गई।

प्रदेश सरकार से निजी स्कूलों को फिर से खोलने की अनुमति देने की मांग को लेकर शुक्रवार को यह विरोध प्रदर्शन हो रहा था। इस दौरान भैंस के उग्र होने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

निजी स्कूलों के संचालकों की संस्था ‘आशा शिक्षण संस्था’ के जिलाध्यक्ष दिलीप शर्मा ने शनिवार को बताया कि हमारी मांगों के प्रति अधिकारियों के उदासीन रवैये के कारण हिन्दी के मुहावरे ‘‘भैंस के आगे बीन बजाने से कोई फायदा नहीं’’ के प्रतीक स्वरुप हम विरोध प्रदर्शन के दौरान एक भैंस लेकर आए थे।’’

उन्होंने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान लगभग 150 प्रदर्शनकारी जमा थे। उसी दौरान भैंस उग्र हो गयी और भागने लगी। घटना में प्रदर्शन में शामिल एक महिला घायल हो गई। उन्होंने बताया कि भैंस से बचने की कोशिश में वहां भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई।

शर्मा ने कहा कि प्रदर्शनकारी प्रदेश सरकार से निजी स्कूलों को फिर से खोलने और शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत इन स्कूलों में दाखिल हुए छात्रों को बकाया फीस जमा करने का निर्देश देने की मांग को लेकर जमा हुए थे।

उन्होंने बताया कि आंदोलन के बाद संगठन के सदस्यों ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)