जरुरी जानकारी | उत्तर प्रदेश में समावेशी आर्थिक वृद्धि को गति देगा बजट: सीआईआई

लखनऊ, 22 फरवरी उद्योग मंडल सीआईआई ने उत्तर प्रदेश के बजट को ‘बेंचमार्क’ करार देते हुए कहा कि यह राज्य में समावेशी आर्थिक वृद्धि को गति देगा।

यहां जारी एक बयान में सीआईआई ‘यूपी स्टेट काउंसिल’ के चेयरमैन विनम्र अग्रवाल ने कहा, “उत्तर प्रदेश का यह बजट इस प्रदेश के लिए सही मायने में एक बेंचमार्क है। इस बजट में गांवों, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को ध्यान में रखकर समावेशी वृद्धि को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है।’’

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष यावर अली शाह ने कहा, “इस बजट में जिन प्रावधानों की घोषणा की गई है उनसे कपड़ा उद्योग को उल्लेखनीय लाभ होगा और प्रदेश में टिकाऊ विकास को बढ़ावा मिलेगा।”

उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश कपड़ा एवं वस्त्र निर्माण नीति से कपड़ा क्षेत्र में निवेश आकर्षित होगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का सृजन होगा।”

शाह ने कहा कि इसके अलावा, विभिन्न योजनाओं के जरिए इस राज्य में वन क्षेत्र बढ़ाने पर जोर दिए जाने से हरित विकास को प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यावरण को लाभ होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)