वारंगल (तेलंगाना), 10 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने तेलंगाना की बीआरएस सरकार पर राज्य को 10 साल पीछे ले जाने और कर्ज में डुबाने का शुक्रवार को आरोप लगाया।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर ने कहा कि अगर 30 नवंबर के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह किसी ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) नेता को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाएगी।
ठाकुर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया, ''बीआरएस ने तेलंगाना को 10 साल पीछे कर दिया और वित्तीय रूप से अधिशेष राज्य पर पांच लाख करोड़ रुपये का कर्ज लाद दिया।’’
ठाकुर ने मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव नीत बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) का जिक्र करते हुए तेलंगाना के लोगों से वादा किया कि उन्हें परिवारवाद की राजनीति से मुक्त कराया जाएगा।
भाजपा नेता ने निशाना साधते हुए कहा, "चाहे बीआरएस हो या कांग्रेस, वे एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। अगर आप उनकी नीतियों को देखें, तो वे भ्रष्टाचार, परिवारवाद की राजनीति और एक के बाद एक बड़े घोटाले में भरोसा करते हैं।"
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री राव ने अनुसूचित जाति समुदाय से कई बड़े वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया।
ठाकुर ने आरोप लगाया कि विभिन्न कथित भ्रष्टाचार के बावजूद, न तो बीआरएस पार्टी और न ही राव का परिवार संतुष्ट है। उन्होंने राव की पुत्री के कविता के कथित तौर पर दिल्ली शराब घोटाले में शामिल होने का भी जिक्र किया।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में दो रुपये प्रति किलोग्राम गोबर और 100 रुपये प्रति लीटर दूध खरीदने और हजारों नौकरियां पैदा करने जैसे कई वादे किए लेकिन उन्हें पूरा करने में नाकाम रही।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY