बेमेतरा (छत्तीसगढ़), दो मार्च जिले में ईंट भट्ठे में दबकर जलने से मजदूर महिला और तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई है। घटना में ईंट भट्ठा मालिक घायल हो गया है।
बेमेतरा जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि नांदघाट थाना क्षेत्र के पुटपूरा गांव में ईंट भट्ठे के नीचे दबकर जलने से महिला मजदूर ललिता ध्रुव (32) और बालक प्रीतम प्रजापति की मृत्यु हो गई है।
उन्होंने बताया कि आज सुबह जब मजदूर ईंट भट्ठा के करीब काम कर रहे थे तब भट्ठा अचानक ढह गया। जिसमें ललिता और करीब ही खेल रहा बालक दब गए। वहीं ईंट भट्ठा मालिक राजाराम प्रजापति इस हादसे में घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों ने महिला और बालक को बाहर निकाला तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईंट भट्ठा के मालिक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY