बाराबंकी (उत्तर प्रदेश), सात मई जिले पुलिस ने बदोसराय थाना क्षेत्र से शनिवार को एक युवा दंपती का शव बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों की मौत किसी तेज वाहन की चपेट में आने से हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बदोसराय थाना क्षेत्र के अद्रा झील के पास रामनगर थाना क्षेत्र के बरहमपुर गांव निवासी सुभाष (24) अपनी पत्नी सीमा उर्फ रिंकी (20) के साथ बाइक से घर से निकला था। उन्होंने बताया कि दोनों का शव आज संदिग्ध परिस्थितियों में अद्रा झील के पास अमनियापुर गांव की झाड़ियों में मिला। दोनों के सिर पर गंभीर चोटें थी।
पुलिस के अनुसार, घटना स्थल से थोड़ी दूरी पर मोटरसाइकिल, मोबाइल और दंपती का अन्य सामान भी मिला है।
पुलिस द्वारा बाइक के नंबर के आधार पर छानबीन करने पर पता चला कि वाहन रामनगर थाना क्षेत्र के ललित की है। पूछताछ में ललित ने बताया कि बाइक उसकी है और सुभाष उससे उधार मांगकर ले गया था।
पुलिस ने मृतक के भाई को भी मौके पर बुलाकर पूछताछ की है।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) पूर्णेन्दु सिंह ने बताया कि दंपती की मौत सड़क हादसे में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था और ऐसा लगता है कि किसी अज्ञात वाहन से टक्कर लगने से उनकी मौत हुई है।
सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY