देश की खबरें | कोविड-19 संबंधी कल्याण कार्यों की प्रधानमंत्री को जानकारी देंगी भाजपा की राज्य इकाइयां

नयी दिल्ली, तीन जुलाई भाजपा की राज्य इकाइयां कोविड-19 वैश्विक महामारी से निपटने के लिए देशभर में लागू लॉकडाउन के दौरान किए गए विभिन्न कल्याण कार्यों के संबंध में शनिवार को एक प्रस्तुतीकरण के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जानकारी देंगी।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, राजनाथ सिंह एवं नितिन गडकरी समेत पार्टी के शीर्ष नेता भी इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। इसका पार्टी के डिजिटल मंचों पर ऑनलाइन सीधा प्रसारण किया जाएगा।

यह भी पढ़े | कैडिला हेल्थकेयर समूह की कंपनी जायडस को COVID-19 के संभावित टीके का मानव परीक्षण करने की मिली मंजूरी.

सिंह ने बताया कि पार्टी ने मोदी सरकार के दूसरे कार्यकल की 30 मई को पहली वर्षगांठ के अवसर पर 61 ऑनलाइन रैलियां आयोजित की थीं और 11.49 करोड़ से अधिक लोग इनमें शामिल हुए थे।

उन्होंने बताया कि सरकार के पहले साल के कार्यों की जानकारी देने के लिए घर-घर जाकर चलाई गई भाजपा की प्रचार मुहिम के तहत इसके कार्यकर्ताओं ने 5.41 करोड़ से अधिक लोगों से संपर्क किया।

यह भी पढ़े | लेह में गरजे पीएम मोदी, चीन को कड़ा संदेश देते हुए कहा ‘विस्तारवाद का युग खत्म, विकासवाद का शुरू’.

सिंह ने दावा किया कि पार्टी ने लॉकडाउन में 22 करेाड़ से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध कराया और 80 लाख सेनिटाइजर एवं 2.5 करोड़ मास्क वितरित किए।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने ‘आरोग्य सेतु’ ऐप और ‘पीएम केयर्स फंड’ में दान के लिए जागरुकता फैलाई।

मोदी के लद्दाख दौरे और वहां के हालात के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर भरोसा है और उन्होंने पहले ही यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत की जमीन पर नजर रखने वालों को करारा जवाब दिया जाएगा।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में एक मुठभेड़ में कई पुलिसकर्मियों की मौत होने संबंधी प्रश्न के उत्तर में कहा कि राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार आरोपियों को बख्शेगी नहीं।

उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था के हालात को लेकर विपक्ष की आलोचनाओं को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि पहले सत्ता में रहे लोग अपराध में शामिल रहे हैं और अब भाजपा सरकार ने अपराधियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)