देश की खबरें | ग्वालियर-चंबल में अधिकतर सीट पर जीत दर्ज करेगी भाजपा : तोमर

शिवपुरी (मप्र), नौ जून केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को दावा किया कि इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ग्वालियर और चंबल संभाग की 34 में से 26 सीट पर जीत हासिल करेगी।

भाजपा ने 2018 में इस इलाके की 34 में से केवल सात सीट जीती थीं।

तोमर ने कहा, ‘‘ग्वालियर-चंबल संभाग की कुल 34 में से 26 सीट पर हम जीत दर्ज करेंगे और पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।’’

केंद्रीय मंत्री यहां विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने आए थे।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बारे में सवाल पूछे जाने पर तोमर ने कहा कि सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए हैं और अब उसी के कार्यकर्ता हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पार्टी के कार्यकर्ता हैं।

ग्वालियर के तत्कालीन शासक परिवार के वंशज सिंधिया कांग्रेस छोड़कर मार्च 2020 में भाजपा में शामिल हो गए थे।

चंबल संभाग में आने वाली मुरैना लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले तोमर ने कहा, ‘‘ सिंधिया और हम सब मिलकर भाजपा की जीत के लिए काम करेंगे और इन संभागों की अधिक से अधिक सीट जीतने का प्रयास करेंगे।’’

मंत्री ने कहा कि प्रदेश के कृषक समुदाय की कड़ी मेहनत के कारण मध्य प्रदेश ने पंजाब और हरियाणा को कृषि उत्पादन में पीछे छोड़ दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)