नयी दिल्ली, दो सितंबर दिल्ली एम्स में कोविड-19 का इलाज करा रहे भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा से विधायक पंकज सिंह की हालत स्थिर है। सूत्रों ने इसकी जानकारी दी ।
संक्रमण के शुरुआती लक्षण दिखने के बाद सिंह ने टेस्ट करवाया था। जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद मंगलवार शाम को वह एम्स के कोविड सुविधा केंद्र में भर्ती हो गए। संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ नीरज निश्चल के नेतृत्व में डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है।
एक सूत्र ने कहा, “पंकज सिंह की हालत स्थिर है और वे ठीक हैं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे और 41 वर्षीय विधायक सिंह ने ट्वीट कर संपर्क में आने वाले लोगों से अनुरोध किया है ‘‘ जो भी लोग गत कुछ दिनों से मेरे संपर्क में आए हैं वे पृथक-वास में जाएं और अपनी जांच करा लें।’’
यह भी पढ़े | Sardar Tara Singh Health Update: पूर्व बीजेपी विधायक सरदार तारा सिंह की हालत गंभीर, अस्पताल में एडमिट.
मार्च में महामारी की शुरुआत में भी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह के साथ एक ही कमरे में संवाददाता सम्मेलन में उपस्थित होने के बाद पंकज सिंह एहतियातन पृथकवास में चले गए थे।
इसके पहले उत्तर प्रदेश के उद्योग मंत्री (कैबिनेट) सतीश महाना, स्वास्थ्य मंत्री (कैबिनेट) जय प्रताप सिंह, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह और कानून मंत्री ब्रजेश पाठक भी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे।
उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण और चेतन चौहान की कोविड-19 संक्रमण के कारण मौत हो गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY