देश की खबरें | दिल्ली में राजेंद्र नगर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने राजेश भाटिया को बनाया प्रत्याशी

नयी दिल्ली, चार जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व पार्षद राजेश भाटिया को दिल्ली में 23 जून को राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है।

भाटिया पंजाबी समुदाय से हैं और राजेंद्र नगर में इस समुदाय के मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या है। भाटिया, भाजपा की दिल्ली इकाई के महासचिव भी रह चुके हैं।

वह 2012 में तत्कालीन उत्तरी दिल्ली नगर निगम के राजेंद्र नगर वार्ड से पार्षद निर्वाचित हुए थे।

राजेंद्र नगर विधानसभा सीट आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक राघव चड्ढा के पंजाब से राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई है।

चड्ढा ने 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में राजेंद्र नगर सीट पर 20,000 वोटों के अंतर से भाजपा उम्मीदवार आर पी सिंह को हराया था। भाजपा ने आखिरी बार 2013 में यह सीट जीती थी।

सिंह भी इस उपचुनाव में भाजपा से टिकट पाने के आकांक्षी थे। भाटिया (57) ने भाजपा की राजेंद्र नगर इकाई में युवा मोर्चा के पदाधिकारी के तौर पर अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था और आगे चलकर वह पार्टी की करोल बाग जिला इकाई के अध्यक्ष बने।

भाजपा की प्रदेश इकाई के नेताओं ने कहा कि भाटिया ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के दौरान अपने समर्पित कार्यों से पार्टी नेतृत्व को प्रभावित किया।

उन्होंने कहा कि राजेंद्र नगर में स्थानीय पंजाबी समुदाय का होने के साथ-साथ उत्तराखंड चुनाव में उनके योगदान को लेकर इस उपचुनाव में उन्हें पार्टी ने टिकट दिया है।

आप ने दुर्गेश पाठक को इस उपचुनाव में उतारा है जबकि कांग्रेस द्वारा इस सीट के लिए प्रत्याशी की घोषणा की जानी अभी बाकी है।

नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख छह जून है तथा 23 जून को मतदान होगा। उपचुनाव के नतीजे 26 जून को घोषित किये जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)