देश की खबरें | भाजपा देश का संविधान बदलने का प्रयास कर रही है : नाना पटोले

मुंबई , 25 नवंबर कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने शनिवार को आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान बदलना चाहती है और उसे सबक सिखाया जाना चाहिए।

वह प्रकाश आंबेडकर की अगुवाई वाली वंचित बहुजन अघाड़ी की संविधान सम्मान रैली को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘ लोगों को खुलेआम देश के संविधान को बदलने की बात करने वाली भारतीय जनता पार्टी को सबक सिखाने की जरूरत है। पार्टी ने 2014 में सत्ता में आने के बाद अपना असली रंग दिखाया। हमारा संविधान सबसे पवित्र ग्रंथ है लेकिन भाजपा उसे बदलना चाहती है।’’

पटोले ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की रणनीति ब्रिटिश राज की ‘बांटो एवं राज करो’ नीति के समान ही है।

उन्होंने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डॉ. आंबेडकर की आर्थिक नीतियां बदल दीं। आंबेडकर की नीतियां कर के रूप में अमीरों से पैसे वसूलकर उसका गरीबों के वास्ते उपयोग करना था। मोदी सरकार बिल्कुल उल्टा कर रही है। यही कारण है कि मैंने भाजपा सांसद के रूप में इस्तीफा दे दिया और कांग्रेस में शामिल हो गया।’’

पटोल ने 2014 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल को हराकर महाराष्ट्र की भंडारा -गोंदिया सीट जीती थी। उन्होंने हालांकि 2017 में भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)