देश की खबरें | भाजपा ने प्रवक्ताओं की संख्या दोगुनी की, पार्टी पदाधिकारियों में पहले से अधिक महिलाओं को जगह दी गयी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 26 सितंबर देशभर में लोगों तक अपनी बात पहुंचाने पर बल देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को पार्टी प्रमुख जे पी नड्डा की नयी टीम में प्रवक्ता की संख्या दोगुनी कर दी है और उसमें समाज के सभी वर्गों, धर्मों और क्षेत्रों के नेताओं को जगह देने की कोशिश की गयी है।

राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में भी महिलाओं की संख्या आठ से बढ़ाकर 13 कर दी गयी हैं जिनमें से पांच उपाध्यक्ष और तीन राष्ट्रीय सचिव नियुक्त की गयी है।

यह भी पढ़े | Shiromani Akali Dal Quits NDA: शिरोमणि अकाली दल ने छोड़ा बीजेपी का साथ, किसान बिल को लेकर तोड़ा NDA से गठबंधन.

पार्टी ने प्रवक्ताओं की सूची का विस्तार करते हुए 23 नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। इस बार तीन महिलाएं पार्टी की प्रवक्ता बनायी गयी हैं। पिछली बार एक महिला को प्रवक्ता बनाया गया था। अनिल बलूनी को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। साथ ही वह पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख के पद पर बने रहेंगे।

विभिन्न पृष्ठभूमियों और धर्मों का प्रतिनिधित्व करने वाले नगालैंड से लेकर पंजाब तक के पूर्व कैबिनेट मंत्रियों एवं नेताओं को प्रवक्ताओं की सूची में शामिल किया गया है।

यह भी पढ़े | JP Nadda New Team: जेपी नड्डा के नई टीम में तमिलनाडु के किसी नेता को जगह नहीं.

प्रवक्ताओं की सूची से मीनाक्षी लेखी को बाहर कर दिया गया है। नए प्रवक्ताओं में पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर, सांसदों में अपराजिता सारंगी, हिना गावित, राजू बिष्ट और राजीव चंद्रशेखर शामिल हैं।

पहले से प्रवक्ता पद की जिम्मेदारी निभा रहे सैयद शाहनवाज हुसैन, सुधांशु त्रिवेदी, संबित पात्रा, राजीव प्रताप रूडी, नलिन कोहली, टॉम वडक्कन और गोपाल कृष्ण अग्रवाल को बरकरार रखा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)